लवी के बीच रामपुर में उपचुनाव की आहट, सीएम के दौरे से साफ होगी स्थिति, लंबी हो रही दावेदारों की लिस्ट
पिछला चुनाव भी महज 567 वोट से बचा पाये थे नंदलाल
सिंघी राम ने भाजपा छोड़ी, कांग्रेस में टिकट के दावेदार बढ़े
वरिष्ठ संवाददाता-रामपुर
शिमला जिला के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में इस कार्यकाल के विधायक चुने गये नंदलाल के निधन के बाद अब उपचुनाव की आहट सुनाई दे रही है। जनप्रतिनिधित्व कानून के मुताबित सीट खाली होने पर छह माह के भीतर उपचुनाव होता है, लेकिन दूसरा प्रावधान इस कानून में ये भी है कि यदि कार्यकाल एक साल से कम हो तो उपचुनाव जरूरी नहीं। इधर विधानसभा ने भी अब तक इस सीट की वैकेंसी की नोटिफिकेशन नहीं की है। मुख्यमंत्री सुक्खू लवी मेले के लिए समापन के लिए रामपुर आ रहे हैं। ऐसे में उपचुनाव के दावेदारों के अरमान भी उछलने लगे हैं। इसी दौरे से उपचुनाव को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। यदि उपचुनाव की स्थिति बनती है तो कांग्रेस पार्टी के सामने प्रत्याशी का चयन करना आसान नहीं होगा। इस बार कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की लंबी सूची सामने आ सकती है। ऐसे में पार्टी के लिए एक अनार और सौ बीमार वाली स्थिति पैदा होने के आसार हैं।
कांग्रेस की ओर से संभावित दावेदारों में डीडी कश्यप, बृज लाल, विशेषर लाल, भूपेश धीमान, नविकेश कश्यप, चुनी लाल जिंटा और घनश्याम चंद के नाम चर्चा में हैं। ऐन मौके पर पूर्व मंत्री सिंघी राम ने भी भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि उन्होंने अभी कांग्रेस ज्वाइन नहीं की है। इसलिए उनका नाम भी इस लिस्ट में जोड़ा जा रहा है। इन नामों के सामने आने से साफ है कि यदि उपचुनाव होता है तो कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर दावेदारी का दौर तेज हो सकता है। पार्टी नेतृत्व के लिए सभी दावेदारों के बीच तालमेल बनाते हुए किसी एक नाम पर सहमति बनाना बड़ी चुनौती होगी।
वहीं, दूसरी ओर भाजपा की तरफ से फिलहाल पूर्व प्रत्याशी कौल सिंह नेगी का नाम चर्चा में आगे बताया जा रहा है। हालांकि, भाजपा की ओर से भी अंतिम प्रत्याशी को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पिछली बार भी कौल नेगी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन इस सीट पर किया था। नंद लाल सिर्फ 567 मतों से चुनाव जीत पाये थे। फिलहाल रामपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव को लेकर कोई अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन संभावित चुनाव को लेकर दोनों दलों में राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस और भाजपा किसे अपना प्रत्याशी बनाती हैं।
भाजपा की नजर भी कांग्रेस के मजबूत किले पर
रामपुर बुशहर विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है, लेकिन पिछले चुनाव में जीत का अंतर घटने से भाजपा की उम्मीदें बढ़ी हैं। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी कांग्रेस के परंपरागत गढ़ों में सेंध लगाने की बात कह चुके हैं। इनमें रामपुर, रोहड़ू और शिमला ग्रामीण जैसी सीटें शामिल हैं। हालिया पंचायती राज चुनावों के नतीजों से उत्साहित भाजपा अब रामपुर में भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में है।
नगर परिषद से लेकर पंचायत तक बदले समीकरण
रामपुर बुशहर के हालिया राजनीतिक घटनाक्रम भी कांग्रेस के लिए आत्ममंथन का विषय बने हैं। नगर परिषद रामपुर के इतिहास में पहली बार गैर-कांग्रेसी परिषद का गठन हुआ। इस घटनाक्रम में कांग्रेस के युवा नेता करण शर्मा की जीत के बाद भाजपा के साथ जाने और अध्यक्ष पद पर काबिज होने ने भी स्थानीय राजनीति में नए समीकरण पैदा किए। वहीं, ननखड़ी में बीडीसी अध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा जमाया। पंचायत प्रधान और उपप्रधान पदों पर भी अधिकतर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत ने कांग्रेस की चुनौतियां बढ़ाई हैं।
नंद लाल जो चार चुनाव जीते, उनके नतीजे
विस चुनाव भाजपा प्रत्याशी हार का अंतर
2007 बृज लाल 6,470 मत
2012 प्रेम सिंह द्रैक 9,471 मत
2017 प्रेम सिंह द्रैक 4,037 मत
2022 कौल सिंह 567 मत
—नेगी
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
