छनेड़ गांव में खाई में गिरी कार, पहाड़ी के बीच फंसा युवक, स्थानीय युवाओं ने किया रेस्क्यू

By: Nov 16th, 2026 11:11 am

बिंदिया ठाकुर, हमीरपुर

सुजानपुर। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चलोह के अंतर्गत छनेड़ गांव में देर शाम एक कार अनियंत्रित होकर खाई की ओर नाले में जा गिरी। हादसे के बाद कार सवार युवक पहाड़ी के बीच फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवाओं ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। वहीं, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गई।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन गिरने की तेज आवाज सुनी और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मौके पर युवक के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया। अंधेरा होने के बावजूद युवाओं ने रास्ता बनाकर नीचे उतरने का प्रयास किया और घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत की।

स्थानीय युवक संजीव कुमार ने घायल को खाई से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्थानीय युवाओं की तत्परता और सूझबूझ से बचाव कार्य तेजी से आगे बढ़ा। बाद में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संयुक्त प्रयासों से घायल युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया।

रेस्क्यू अभियान में फायर ब्रिगेड कर्मी मनोज कुमार और जोगिंदर ठाकुर मौजूद रहे। सुजानपुर थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वहीं, एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि घायल व्यक्ति को रेस्क्यू कर सिविल अस्पताल सुजानपुर में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। प्रशासन की टीम भी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस घटना में स्थानीय युवाओं की बहादुरी और पुलिस-फायर ब्रिगेड की तत्परता ने एक बार फिर संकट की घड़ी में सामूहिक सहयोग की मिसाल पेश की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App