तीन दिन से आसमान में बादल, जमकर नहीं गिर रहे फाहे
कार्यालय संवाददाता-पतलीकूहल
कुल्लू घाटी में पिछले दो-तीन दिनों से आसमान में घनघोर घटाएं छाने के बावजूद सूने पड़े पहाड़ों को कुदरत के श्रृंगार का इंतजार है। आसमान में दिनभर बादलों की आवाजाही और ऊंची चोटियों पर मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों के मन में बारिश और बर्फबारी की उम्मीद जगाई, लेकिन बादलों के मंडराने के बावजूद पहाड़ों को बर्फ की सफेद चादर नसीब नहीं हो पाई। मौसम की इस बेरुखी के बीच घाटी के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही निरंतर जारी है। नवंबर का आधा महीना बीतने के साथ ही कुल्लू-मनाली की वादियों में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है, जबकि दिन में बादलों के बीच निकलती धूप मौसम को कुछ राहत दे रही है। पिछले दिनों आसमान में छाई घनी घटाओं को देखकर स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद थी कि ऊंचे पहाड़ बर्फ से ढक जाएंगे।
इससे घाटी की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगने के साथ पर्यटन कारोबार को भी नई रफ्तार मिलेगी। मगर मौसम की आंखमिचौली के बीच यह उम्मीद फिलहाल पूरी नहीं हो सकी है। कुल्लू घाटी के आसपास की ऊंची पर्वत श्रृंखलाएं अभी भी बर्फबारी की प्रतीक्षा कर रही हैं। सर्दियों में बर्फ से लकदक रहने वाले पहाड़ों का प्राकृतिक स्वरूप इस समय कुछ अलग नजर आ रहा है। जहां हर वर्ष नवंबर में ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद परत दिखाई देने लगती है, वहीं इस बार मौसम के उतार.चढ़ाव के चलते पर्यटकों को बर्फीले नजारों के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि अच्छी बर्फबारी होने से घाटी का प्राकृतिक सौंदर्य और निखरेगा। उधर, मौसम के इस बदले स्वरूप का पर्यटकों के उत्साह पर कोई खास असर नहीं दिख रहा है। मनालीए पतलीकूहल, कटराईं, नग्गर और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में सैलानियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। पर्यटक सुहावने मौसमए, ठंडी हवाओं और पहाड़ों के बीच प्राकृतिक नजारों का आनंद उठा रहे हैं। कई पर्यटक सुबह और शाम के समय खूबसूरत वादियों में तस्वीरें खींचकर इन यादगार लम्हों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। कारोबारियों को भी उम्मीद है कि जल्द मौसम करवट लेगा और ऊंची चोटियों पर बर्फबारी का दौर शुरू होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
