बद्दी-नालागढ़ एनएच पर धूल का गुबार
एनआईए ने एनएचएआई से मांगी राहत, सडक़ पर उड़ती धूल से वाहन चालकों की दृश्यता हो रही प्रभावित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-105 पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण उड़ रही धूल लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। राजमार्ग के कई हिस्सों में धूल का गुबार इतना अधिक है कि वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन तक दिखाई नहीं देते। इससे सडक़ हादसों का खतरा बढ़ गया है। औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों ने इस समस्या पर चिंता जताते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ;एनएचएआई से तत्काल प्रभाव से धूल नियंत्रण के उपाय करने की मांग उठाई है। नालागढ़ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एनआईए के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने शुक्रवार को एनएचएआई के परियोजना निदेशक शिमला को पत्र लिखकर बद्दी-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमित रूप से पानी का छिडक़ाव करवाने का आग्रह किया है। कई स्थानों पर दृश्यता प्रभावित होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। एसोसिएशन ने कहा कि धूल प्रदूषण से औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हजारों कामगारों, कर्मचारियों, स्थानीय निवासियों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। लगातार धूल के संपर्क में रहने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका है।
समस्या का जल्द समाधान करने की अपील
एनआईए अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने एनएचएआई से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार और निर्माण एजेंसी को राजमार्ग के धूल प्रभावित हिस्सों में पर्याप्त मात्रा में नियमित पानी का छिडक़ाव करने के निर्देश दिए जाएं। विशेष रूप से कामकाज के घंटों और अधिक यातायात वाले समय में धूल नियंत्रण के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता की सुरक्षा और स्वास्३थ्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। एसोसिएशन ने एनएचएआई से जनहित में इस समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
