दिवाली की बधाई…बिलासपुर में जश्न
बाजार हुए गुलजार; लोगों ने जमकर की खरीददारी, सारा दिन रही चहल-पहल
स्टाफ रिपोर्टर-बिलासपुर
गोविंद सागर झील के किनारे बसे ऐतिहासिक शहर बिलासपुर में आज रविवार को दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। दिवाली से एक दिन पहले शनिवार को शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मेन मार्केट, रौड़ा सेक्टर, चंगर और लक्ष्मीनारायण मंदिर मार्ग पर सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की खूब चहल-पहल रही। कहीं लोग लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और पूजा सामग्री खरीदते नजर आए तो कहीं मिट्टी के दीये, फूलों की मालाएं, मिठाइयां और रंग-बिरंगी सजावटी लाइटें खरीदने में व्यस्त रहे। त्योहार की इस रौनक ने छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े शोरूम संचालकों तक के चेहरों पर मुस्कान ला दी है।
व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार दीपावली पर जिले में करोड़ों रुपये का कारोबार होगा। बता दें कि हर बार की तरह इस बार भी बाजारों में पारंपरिक मिट्टी के दीयों की खूब मांग देखने को मिल रही है। कुम्हारों द्वारा तैयार किए गए दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, पूजा थालियां, रंगोली और गेंदे के फूलों की मालाएं ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में दुकानें सजाने पहुंचे छोटे कारोबारियों के लिए भी दीपावली अच्छी कमाई का अवसर लेकर आई है।
लोकल उत्पादों और पारंपरिक सजावटी सामान की खरीदारी से छोटे दुकानदारों को भी त्योहार का लाभ मिल रहा है। दीपावली के स्वागत के लिए जिला मुख्यालय के प्रमुख चौराहोंए बाजारों और सरकारी भवनों को रंग.बिरंगी बिजली की लडिय़ों से सजाया गया है। जिला प्रशासन और नगर परिषद के भवन भी आकर्षक रोशनी से जगमगा रहे हैं। घरों में भी साफ.सफाई और सजावट का काम पूरा कर लिया गया है। बाजारों में भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। नगर परिषद ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैंए जबकि दमकल विभाग को भी अलर्ट रखा गया है।
मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और दीपदान की तैयारी
आज दीपावली के अवसर पर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में भी विशेष तैयारियां की गई हैं। श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, बाबा नाहर सिंह धौलरा और हरिहर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और आरती होगी। श्रद्धालु मंदिरों में दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। वहीं गोविंद सागर झील के किनारे भी दीपों की सजावट से शहर की खूबसूरती में चार चांद लगने की उम्मीद है।
दीपों की रोशनी के साथ खुशियों का संदेश देगी दिवाली
बिलासपुर में दीपावली को लेकर हर तरफ उत्सव का माहौल है। लोग परिवार के साथ त्योहार मनाने और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देने की तैयारियों में जुटे हैं। मिट्टी के दीयों की चमक, मिठाइयों की खुशबू और बाजारों की चहल-पहल ने शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया है। आज लक्ष्मी पूजन के साथ पूरा शहर दीपों की रोशनी से जगमगाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
