शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, छह महीने तक जलती रहेगी अखंड ज्योति

By: Nov 10th, 2026 1:59 pm

उत्तरकाशी। विश्वप्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के अवसर पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। दोपहर 12 बजकर पांच मिनट पर अभिजीत मुहूर्त में मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही गंगोत्री धाम की ग्रीष्मकालीन तीर्थयात्रा का समापन हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कपाट बंद होने के पश्चात मां गंगा की भोग मूर्ति को उत्सव डोली में विराजमान कर शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए रवाना किया गया। सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच निकली डोली यात्रा में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। मां गंगा के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां गंगा को विदाई दी।

कपाट बंद होने के अवसर पर गंगोत्री मंदिर को पांच क्विंटल से अधिक फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। परंपरा के अनुसार उत्सव डोली आज रात्रि मार्कंडेयपुरी स्थित देवी मंदिर में विश्राम करेगी। यहां भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। बुधवार को डोली मुखबा गांव पहुंचेगी, जहां अगले छह माह तक मां गंगा की पूजा-अर्चना और दर्शन होंगे। श्रद्धालु इस अवधि में मुखबा स्थित मुखीमठ में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।

गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने बताया कि शीतकाल के लिए कपाट बंद होने के बावजूद मंदिर में तांबे के विशाल दीपक में अखंड ज्योति प्रज्वलित रहेगी। मान्यता है कि अगले वर्ष अक्षय तृतीया पर कपाट खुलने के दौरान भी यह ज्योति निरंतर जलती हुई मिलती है। इस वर्ष गंगोत्री धाम में दस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए। कपाट बंद होने के साथ ही अब धाम की धार्मिक गतिविधियां शीतकालीन प्रवास की परंपरा के अनुसार मुखबा में संचालित होंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App