कैथल में पुलिस-बदमाशों के बीच फायरिंग, आरोपियों के पैरों में लगी गोली, घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

By: Nov 13th, 2026 12:06 am

एक करोड़ फिरौती मांगने पर स्पेशल टीम की कार्रवाई, दोनों आरोपियों के पैरों में लगी गोली, घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

निजी संवाददाता- कैथल

कैथल में पुलिस की एक टीम के साथ दो बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे जमीन पर गिर गए और पुलिस ने उनको दबोच लिया। दोनों फिरौती के पैसे न देने पर एक व्यक्ति पर हमला करने पंजाब से आए थे। वहीं, आरोपियों को उपचार के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। घटना गुरुवार अल सुबह करीब तीन बजे की है। वहीं, एंटी-एक्सटॉर्शन सेल कैथल की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव तिमुवाला निवासी गुरकीरत और राणा कलां निवासी कर्मबीर सिंह के रूप में हुई है। वहीं, आरोपियों ने गांव पाडला के एक व्यक्ति को धमकी देकर एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। रुपए न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव पाडला निवासी शिव कुमार राणा से 1 करोड़ की फिरौती मांगने वाले बदमाश इस समय कैथल क्षेत्र में आए हुए हैं।

वहीं, सूचना पाकर पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल टीम आरोपियों के पीछे लग गई। जैसे ही टीम गांव पाडला में रोड पर पहुंची और आरोपियों का पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलियां चलाई। पाडला गुहणा रोड पर मुठभेड़ के बाद आरोपियों को काबू कर लिया गया। वहीं, घटना की सूचना पाकर डीएसपी क्राइम सुशील कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की जायजा लिया। अस्पताल में आरोपियों को उपचार के लिए ले जाया गया। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App