दीपावली पर किन्नौर में अग्निशमन विभाग अलर्ट, 57 पटाखा विक्रेताओं को एनओसी
रिकांगपिओ कालेज मैदान में दो दिन होगी पटाखों की बिक्री, कर्मचारियों की दो शिफ्टों में लगाई ड्यूटी; अवकाश पर भी रोक
वरिष्ठ संवाददाता-रिकांगपिओ
दीपावली पर्व के मद्देनजर किन्नौर में अग्निशमन विभाग ने आगजनी की घटनाओं को रोकने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कमर कस ली है। विभाग ने जिले में पटाखों की बिक्री के लिए 57 विक्रेताओं को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किए हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अग्निशमन कर्मचारियों की दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है। दीपावली के दौरान विशेष परिस्थितियों को छोडक़र कर्मचारियों के अवकाश पर भी रोक लगाई गई है। अग्निशमन केंद्र रिकांगपिओ की ओर से जारी एनओसी के तहत रिकांगपिओ मुख्यालय क्षेत्र में 42, जबकि सांगला और भावानगर क्षेत्रों में 12-12 पटाखा विक्रेताओं को अनुमति दी गई है। सभी विक्रेताओं को अग्निशमन निदेशालय हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने रिकांगपिओ में पटाखों की बिक्री के लिए कॉलेज मैदान को निर्धारित किया है, जहां दो दिनों तक पटाखे बेचे जा सकेंगे। विभाग की ओर से बिक्री स्थलों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। विक्रेताओं को अग्निशामक यंत्र, पानी और रेत की व्यवस्था रखने, विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निर्धारित सीमा से अधिक पटाखों का भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग ने दीपावली के दौरान त्वरित सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। अग्निशमन वाहनों, उपकरणों और अन्य संसाधनों की जांच कर उन्हें पूरी तरह कार्यशील रखा गया है। वाहनों में पानी भरने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और पर्याप्त जल उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा सांगला और भावानगर अग्निशमन चौकियों को भी अलर्ट पर रखा गया है। उप अग्निशमन अधिकारी सुंदर लाल नेगी ने बताया कि दीपावली के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। कर्मचारियों की दो शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन तैयार रखे गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पटाखे खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही जलाएं तथा बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें। पटाखों को गैस सिलेंडर, बिजली की तारों और ज्वलनशील पदार्थों के नजदीक न जलाएं। अधजले पटाखों को दोबारा जलाने का प्रयास न करें। उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बाजारों में दुकानों के सामने वाहन या अन्य सामान खड़ा न करने का आग्रह किया, ताकि आपात स्थिति में अग्निशमन वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। संपादकीय नोट: मूल खबर में आंकड़ों में विसंगति है। 42 + 12 + 12 का कुल योग 66 होता है, जबकि शुरुआत और अधिकारी के बयान में कुल 57 एनओसी बताए गए हैं। प्रकाशन से पहले सांगला और भावानगर के विक्रेताओं की संख्या की पुष्टि अवश्य कर लें। कालेज मैदान में बिक्री की अवधि भी संबंधित प्रशासन से सत्यापित कर लें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
