आतिशबाजी से आठ जगह लगी आग, 21.15 लाख का नुकसान
दमकल कर्मियों ने जिलभर में बचाई 2.30 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
सिरमौर जिला में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया, लेकिन आतिशबाजी के चलते आगजनी की आठ घटनाएं भी सामने आईं। पांवटा साहिब, शिलाई और नाहन में हुई इन घटनाओं में करीब 21.15 लाख रुपए की संपत्ति को नुकसान पहुंचा, जबकि अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2.30 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति को जलने से बचा लिया। दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर विभिन्न स्थानों पर आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार दीपावली के दौरान आतिशबाजी से पांवटा साहिब क्षेत्र में आग लगने की पांच घटनाएं हुईं। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर नियंत्रण पाया। वहीं, शिलाई में आगजनी के दो मामले सामने आए। यहां भी दमकल कर्मियों ने समय रहते आग बुझाकर करोड़ों रुपए की संपत्ति को नुकसान से बचाया।
इसके अलावा नाहन में दीपावली के दिन आग लगने की एक घटना हुई, जिस पर अग्निशमन विभाग की टीम ने तुरंत काबू पा लिया। गृह रक्षा विभाग सिरमौर के कमांडेंट टीआर शर्मा ने बताया कि आगजनी की सूचना मिलते ही नाहन, पांवटा साहिब और शिलाई में दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला। उन्होंने बताया कि सिरमौर जैसे कठिन भौगोलिक क्षेत्र में अग्निशमन सेवाओं के लिए करीब 50 कर्मचारी और होमगार्ड के 30 जवान तैनात हैं। दीपावली के दौरान कर्मचारियों की छुट्टियां बंद रखी गई थीं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सोमवार को छोटा चौक में भी लगी आग
दीपावली के अगले दिन सोमवार को नाहन शहर के छोटा चौक में झाडय़िों में अचानक आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी और घरों से पानी की बाल्टियां लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और बड़ा हादसा टाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने आग लगने के पीछे आतिशबाजी को संभावित कारण बताया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
