परीक्षा फॉर्म भरने से चूके छात्रों के लिए खुशखबरी, HPU ने बढ़ाई अंतिम तारीख
बिना विलंब शुल्क के कर सकेंगे आवेदन, इसके बाद लगेगा लेट फीस
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर डिग्री (पीजी) एवं डिप्लोमा सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को राहत देते हुए परीक्षा फॉर्म जमा करवाने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब विद्यार्थी बिना विलंब शुल्क के 15 नवंबर तक परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की ओर से गुरूवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना के अनुसार स्नातकोत्तर डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों, एड-ऑन कोर्स, एलएलबी, एमटीटीएम, बीएचएम (एनईपी को छोडकऱ), एमटेक, बीलिब और एमलिब सहित अन्य पाठ्यकमों के विद्यार्थियों को यह सुविधा दी गई है। इसके तहत ऑड सेमेस्टर के नियमित एवं री-अपीयर और ईवन सेमेस्टर के री-अपीयर विद्यार्थी परीक्षा फॉर्म जमा करवा सकते हैं।
इसके अलावा दूरस्थ शिक्षा एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) के जनवरी बैच के स्नातकोत्तर डिग्री एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी भी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकेंगे। इनमें ईवन सेमेस्टर के नियमित एवं री-अपीयर तथा ऑड सेमेस्टर के री-अपीयर विद्यार्थी शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 15 नवंबर के बाद परीक्षा फॉर्म जमा करवाने पर विश्वविद्यालय के नियमानुसार विलंब शुल्क देना होगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो श्यामलाल कौशल ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्नातकोत्तर डिग्री व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के परीक्षा फॉर्म जमा करवाने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी गई है। इसके बाद विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के नियमानुसार विलंब शुल्क वसूला जाएगा।
—अंकिता ठाकुर
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
