चीन में हिमाचल के लाल ने मचाया धमाल, विश्व चैंपियनशिप में हासिल की बड़ी उपलब्धि

By: Nov 10th, 2026 9:49 pm

निजी संवाददाता— सरकाघाट

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला की सरकाघाट तहसील के गांव लाका निवासी विशाल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। चीन के हेनान में छह से आठ नवंबर तक आयोजित विश्व बीच कोर्फबॉल चैंपियनशिप में विशाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के दूसरे सर्वाधिक स्कोरर बनने का गौरव हासिल किया। इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में 125 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाडिय़ों ने भाग लिया। अशोक शर्मा के पुत्र विशाल की यह तीसरी विश्व बीच कोर्फबॉल चैंपियनशिप थी। इससे पहले वह दो बार विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। लगातार तीन विश्व बीच चैंपियनशिप में शीर्ष दो स्कोररों में जगह बनाना उनकी खेल प्रतिभा, मेहनत और निरंतर शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है।

विशाल ने वर्ष 2022 में मोरक्को में आयोजित विश्व बीच कोर्फबॉल चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ स्कोरर का खिताब जीता था। इसी वर्ष थाईलैंड में एशिया-ओशिनिया चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ पुरुष स्कोरर बने। वर्ष 2023 में पटाया, थाईलैंड में दोबारा विश्व के सर्वश्रेष्ठ स्कोरर बने। वहीं ताइवान में विश्व कोर्फबॉल चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में शीर्ष दस स्कोररों में स्थान हासिल किया। विशाल ने अपनी सफलता का श्रेय कोच विनोद कुमार, वरिष्ठ खिलाड़ी देव बल्हारा और कोर्फबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग को दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App