रामपुर में 2007 में सीआरपीएफ कैंप हमले के दोषी मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, हमलावर फरार

By: Nov 11th, 2026 12:01 am

रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2007 के सीआरपीएफ कैंप हमले के मामले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ की मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, हमलावर गोली मारने के बाद मौके से फरार हो गए। मोहम्मद शरीफ उर्फ सुहैल उर्फ साजिद उर्फ अनवर उर्फ अली रामपुर का रहने वाला था। उसका नाम 31 दिसंबर 2007 की रात रामपुर सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में सामने आया था। इस हमले में सात सीआरपीएफ जवान और एक रिक्शा चालक की मौत हुई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे।

हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा ने ली थी। इस मामले में रामपुर कोर्ट ने 2019 में मोहम्मद शरीफ समेत चार लोगों को फांसी की सजा सुनाई थी। इसके बाद मामला इलाहाबाद हाई कोर्ट पहुंचा। 29 अक्तूबर, 2025 को हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के फैसले को पलट दिया था। कोर्ट ने जांच में भारी खामी बताते हुए मोहम्मद शरीफ समेत पांचों आरोपियों को हत्या, आतंकवाद और साजिश जैसे आरोपों से बरी कर दिया था। हालांकि, हाई कोर्ट ने पांचों को आम्र्स एक्ट के तहत दोषी माना था और 10 साल की सजा और एक लाख रुपए जुर्माना सुनाया था। हाई कोर्ट के फैसले के बाद मोहम्मद शरीफ नवंबर 2025 में बरेली सेंट्रल जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के करीब एक साल बाद मंगलवार को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उसकी जान ले ली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App