भारतीय रेलवे रचने जा रहा नया इतिहास, लेह में बनेगा सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन, जानें पूरा रूट
लेह में बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन, बिलासपुर से सुंदरनगर-मंडी-मनाली-केलांग और सरचू होते हुए लेह तक पहुंचेगी रेल
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
हिमालय की दुर्गम वादियों में भारतीय रेलवे एक नया इतिहास रचने की तैयारी में है। प्रस्तावित बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन बनाने की योजना है। लद्दाख में तंगलांग ला दर्रे के समीप टेंगला में करीब 17 हजार 582 फीट की ऊंचाई पर इस स्टेशन को प्रस्तावित किया गया है। यदि यह योजना साकार होती है तो भारत के नाम दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे स्टेशन का रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। इससे तिब्बत स्थित चीन का तांगगुला रेलवे पीछे छूट जाएगा, जो वर्तमान में 16627 फीट की ऊंचाई के साथ दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन माना जाता है।
प्रस्तावित टेंगला स्टेशन समुद्र तल से करीब 5359 मीटर की ऊंचाई पर होगा। जबकि चीन का तांगगुला स्टेशन 5068 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इस तरह भारतीय रेलवे का प्रस्तावित स्टेशन चीन के मौजूदा रिकॉर्ड से करीब 291 मीटर यानी लगभग 955 फीट अधिक ऊंचाई पर होगा। करीब 489 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन हिमालय के अत्यंत दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
रेलवे नेटवर्क में नया कीर्तिमान स्थापित होगा
यह परियोजना न केवल भारतीय रेल इंजीनियरिंग के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है, बल्कि दुनिया के रेलवे नेटवर्क में भी नया कीर्तिमान स्थापित कर सकती है। इस रेल कॉरिडोर के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर को लद्दाख के लेह से जोडऩे की परिकल्पना है। प्रस्तावित मार्ग में सुंदरनगर, मंडी, मनाली, केलांग, सरचू और उपशी जैसे महत्त्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। रेललाइन के निर्माण से सामरिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण लद्दाख क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने की संभावना है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
