PWD में खाली पदों की आड़ में नहीं चलेगा तैनाती का खेल, होगी जांच
अजय शर्मा—शिमला
लोक निर्माण विभाग में अब खाली पदों की आड़ में उच्च पदों या दूसरे कैडर में तैनाती का खेल नहीं चलेगा। किसी पद के रिक्त होने का हवाला देकर कर्मचारी को दूसरे कैडर में काम करने या उस पद के हिसाब से वेतन लेने की अनुमति नहीं होगी। प्रदेश सरकार के आदेशों के बाद लोक निर्माण विभाग ने ऐसी तैनातियों पर रोक लगाते हुए पहले से उच्च पदों और दूसरे कैडर में काम कर रहे कर्मचारियों के मामलों की एक महीने में समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। वहीं नियमों के विपरीत तैनाती पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को उनके मूल पद और कैडर में वापस भेजना होगा।
इतना ही नहीं, नियमों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। मुख्य सचिव की तरफ से इसी माह जारी किए आदेश की अनुपालना में लोक निर्माण विभाग ने इंजीनियर-इन-चीफ, इंजीनियर-इन-चीफ (प्रोजेक्ट्स), मुख्य वास्तुकार, मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं को आगामी निर्देश दिए हैं। जबकि शिमला, मंडी और कांगड़ा के भूमि अधिग्रहण अधिकारियों को भी इन पर कार्रवाई करनी होगी। जारी निर्देशों में सरकार ने साफ किया है कि किसी उच्च पद या दूसरे कैडर का पद खाली होने से कर्मचारी को वहां तैनात करने का अधिकार नहीं मिल जाता। स्वीकृत पदों को संबंधित भर्ती एवं सेवा नियमों में तय प्रक्रिया के तहत ही भरा जाएगा। रिक्त पदों के आधार पर न तो कर्मचारी का कैडर बदला जा सकेगा और न ही उच्च पद पर काम करने के आधार पर वेतन देने की व्यवस्था जारी रहेगी। जबकि पहले से ऐसी तैनातियों पर काम कर रहे कर्मचारियों के मामलों की निर्देश जारी होने की तारीख से एक महीने के भीतर जांच होगी। इसमें स्वीकृत पदों की संख्या, संबंधित कैडर में पदों की उपलब्धता, नियुक्ति की प्रक्रिया और कर्मचारी का मूल कैडर देखा जाएगा।
यह भी जांचा जाएगा कि तैनाती भर्ती एवं सेवा नियमों के अनुरूप हुई है या नहीं। निर्देश में कहा गया है कि जांच में नियमों के विपरीत तैनाती मिलने पर उसे तत्काल समाप्त करना होगा। संबंधित कर्मचारी को उसके मूल नियमित पद, मूल कैडर या अभिभावक विभाग में वापस भेजा जाएगा। हालांकि, निर्देश जारी होने की तारीख से छह महीने के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को इस कार्रवाई से छूट दी गई है। सरकार ने निर्देशों को समयबद्ध और पूरी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। किसी अधिकारी या कर्मचारी की ओर से नियमों का उल्लंघन करने, गलत तैनाती जारी रखने या आदेशों की पालना में लापरवाही बरतने पर प्रशासनिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। सरकार का तर्क है कि ऐसी तैनातियों से कैडर व्यवस्था, स्वीकृत पदों की स्थिति और विभागों का नियमित कामकाज प्रभावित होता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

