लाल साड़ी में खूब जच रहीं 63 वर्षीय सबीना, 75 साल के कन्हैया लाल ने पहनी शेरबानी

By: Nov 25th, 2026 11:50 am

अनिल पटियाल—बिलासपुर

जिंदगी के सफर में जब अपनों का साथ छूट गया तो दो अनजान चेहरों को एक-दूसरे में अपना हमसफर मिल गया। अब 63 वर्षीय सबीना और 75 वर्षीय कन्हैया लाल एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। जिला बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में बुधवार को हिमाचल का अनूठा विवाह शुरू हो गया। शादी के जोड़े में 63 वर्षीय सबीना बेहद खूबसूरत लग रही हैं, जबकि कन्हैया लाल ने शेरबानी पहनी हुई है।

दोनों की जोड़ी खूबसूरत लग रही है। उम्र के इस पड़ाव पर सबीना और कन्हैया लाल के जीवन में आई इस नई खुशी ने आश्रम के अन्य सदस्यों के चेहरों पर भी मुस्कान ला दी है। सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं, जबकि कन्हैया लाल मंडी जिला के जंजैहली क्षेत्र से संबंध रखते हैं। अपना घर वृद्धाश्रम दयोली की ओर से सबीना और कन्हैया लाल के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जिला बिलासपुर की उपायुक्त किरण भड़ाना और जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल के साथ ही अन्य स्थानीय लोगों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। आश्रम प्रबंधन को उम्मीद है कि इस खास मौके पर प्रशासनिक अधिकारी भी नवविवाहित जोड़े को अपना आशीर्वाद देने के लिए समारोह में शामिल हुए हैं।

भाइयों ने कर दिया था बेदखल

कन्हैया लाल करीब चार वर्ष पहले तक अपने गांव में खेतीबाड़ी करके जीवनयापन करते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। उन्होंने अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी थीए लेकिन बाद में भाइयों ने ही उन्हें घर से बेदखल कर दिया। अपनों से मिले इस आघात के चलते उनकी मानसिक स्थिति भी प्रभावित हुई और वह जंगल में एक गुफा में रहने लगे। इसके बाद उन्हें रेस्क्यू कर दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम पहुंचाया गया।

कोलकाता से हिमाचल घूमने आई थीं सबीना

कोलकाता निवासी सबीना हिमाचल प्रदेश घूमने आई थीं और मशोबरा पहुंच गईं। रास्ता भटकने और मानसिक स्थिति ठीक न होने के चलते पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर नारी निकेतन मशोबरा पहुंचाया था। कुछ समय वहां रहने के बाद उन्हें बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में स्थानांतरित किया गया। यहीं दोनों की मुलाकात हुई और अब दोनों ने एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाने का निर्णय लिया है। शादी के बाद सबीना और कन्हैया लाल नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में अपनी नई जिंदगी शुरू करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App