ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता, नहीं होगा समझौता: ट्रंप

By: Nov 10th, 2026 12:37 pm

वाशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्हें ईरान के खिलाफ युद्ध खत्म होने के सकारात्मक संकेत नजर आ रहे हैं, लेकिन वह हमले करने के लिए भी तैयार हैं। श्री ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल सानी के साथ बातचीत के बाद मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर लिखा कि सब इस बात पर सहमत हो चुके हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकता। इस पर समझौता नहीं किया जा सकता। अगर पश्चिम एशिया की स्थिति में कुछ बदलाव होता है, तो अमरीका पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा कुछ होने की संभावना नहीं लगती। इजरायल और पूरा पश्चिम एशिया ईरान के खतरे से सुरक्षित है। हमें इस युद्ध के खत्म होने की दिशा में सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। हम सुनिश्चित करेंगे कि अमरीका के हित हमेशा सुरक्षित रहें। उल्लेखनीय है कि अमरीका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की एक हवाई हमले में हत्या कर दी थी। इस हमले में ईरान के मिनाब बालिका विद्यालय सहित कई ठिकानों को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया। दोनों देशों के बीच महीनों तक चले संघर्ष पर अभी अल्पविराम लगा है, लेकिन हमले दोबारा शुरू होने की आशंका भी बरकरार है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App