नाहन को जाम से मिलेगी राहत… बनोग धारक्यारी बाइपास निर्माण ने पकड़ी रफ्तार
12.30 करोड़ रुपए से बन रही 9.30 किलोमीटर लंबी सडक़ का आधे से ज्यादा काम पूरा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
नाहन शहर को आए दिन लगने वाले जाम और भारी वाहनों के दबाव से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। वर्षों से लंबित बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला वैकल्पिक बाइपास सडक़ निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। करीब 12.30 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे 9.30 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर पुल, पुलियों, पैरापिट और कल्वर्ट निर्माण का आधे से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही मार्ग के ब्लाइंड स्पॉट सुधारने का काम भी किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग का लक्ष्य अप्रैल में टायरिंग सीजन शुरू होने से पहले सडक़ को मेटलिंग सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए तैयार करना है। गौरतलब है कि जिला मुख्यालय नाहन की यातायात व्यवस्था लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। शहर से होकर गुजरने वाला नेशनल हाईवे-907ए संकरी सडक़ों और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण नेशनल हाईवे-07 से अपेक्षित रूप से सीधे नहीं जुड़ पाता। गोबिंदगढ़ मोहल्ले से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर भारी वाहनों और अन्य वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। सडक़ की सीमित चौड़ाई के कारण कई बार घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है।
इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बनोग-धारक्यारी-कांशीवाला मार्ग शहर के लिए महत्वपूर्ण वैकल्पिक बाईपास साबित हो सकता है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत लोक निर्माण विभाग इस मार्ग का निर्माण करवा रहा है। इसके तैयार होने से भारी वाहनों सहित आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों को शहर के संकरे हिस्सों से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि नाहन के दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए शहर के निचले हिस्से से सुरंग निर्माण की योजना का सर्वे करवाने के टेंडर भी गत वर्ष चर्चा में रहे थे, लेकिन यह प्रस्ताव अभी धरातल पर आगे नहीं बढ़ पाया है। ऐसे में फिलहाल वैकल्पिक बाईपास परियोजना से ही शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दशकों तक आर्मी-सिविलियन विवाद में उलझा रहा मामला
इस सडक़ का मामला कई दशकों तक आर्मी और सिविलियन विवाद के चलते उलझा रहा। यही कारण रहा कि यह मार्ग लंबे समय तक चुनावी मुद्दा भी बना रहा। तमाम अड़चनों के बाद अब निर्माण कार्य धरातल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस परियोजना पर सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष की भी नजरें टिकी हुई हैं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि बाईपास बनने से नाहन की यातायात व्यवस्था में बदलाव आएगा।
अप्रैल से पहले निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आलोक जवनेजा ने बताया कि सडक़ निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है। विशेष रूप से निर्माण की गुणवत्ता पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। फिलहाल टायरिंग का सीजन नहीं है। अप्रैल में टायरिंग सीजन शुरू होने से पहले सडक़ को मेटलिंग सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
