हिमाचल का मॉडल अपनाएगा नेपाल-श्रीलंका, BOCW बोर्ड के कामकाज से अंतरराष्ट्रीय संस्था BWI प्रभावित

By: Nov 8th, 2026 12:06 am

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश में निर्माण श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के लिए चलाई जा रही योजनाओं की गूंज अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गई है। प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड (बीओसीडब्ल्यू) के कामकाज और योजनाओं से प्रभावित अंतरराष्ट्रीय संस्था बिल्डिंग एंड वुड वर्कर्स इंटरनेशनल (बीडब्ल्यूआई) ने हिमाचल के मॉडल को नेपाल और श्रीलंका में श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए उपयोगी बताया है। संस्था का मानना है कि हिमाचल में श्रमिकों के पंजीकरण से लेकर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तक विकसित की गई व्यवस्था दूसरे देशों के लिए भी मार्गदर्शक बन सकती है। बीडब्ल्यूआई दक्षिण एशिया के उपक्षेत्रीय प्रतिनिधि डा. राजीव शर्मा ने पांच नवंबर को बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर को विशेष आभार पत्र भेजकर बोर्ड के कार्यों की सराहना की है।

दरअसल, पांच से नौ अक्तूबर तक नेपाल और श्रीलंका के 34 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने तमिलनाडु और बिहार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हिमाचल प्रदेश का दौरा किया था। इस दौरान बिलासपुर में आयोजित राज्यस्तरीय बैठक में बोर्ड अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने प्रतिनिधिमंडल को बोर्ड की कार्यप्रणाली, संस्थागत व्यवस्था और श्रमिकों के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी थी। प्रतिनिधिमंडल ने बोर्ड की ओर से निर्माण श्रमिकों को दी जा रही स्वास्थ्य सहायता, बच्चों की शिक्षा एवं छात्रवृत्ति, मातृत्व लाभ, पेंशन, दिव्यांगता सहायता, मृत्यु मुआवजा और आवास सहायता जैसी योजनाओं को विशेष रूप से सराहा।

मुख्यमंत्री के प्रयासों से मिला यह सम्मान

बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनका नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री का है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बोर्ड का प्रयास है कि कोई भी पंजीकृत निर्माण श्रमिक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बोर्ड मजदूरों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पारदर्शिता और तेजी के साथ काम कर रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App