भैया दूज पर भाइयों ने बहनों को दिया स्नेह-आशीर्वाद

By: Nov 11th, 2026 12:53 am

गिरिपार क्षेत्र में सास-दामाद के आशीर्वाद की अनूठी परंपरा, आज एचआरटीसी बसों में महिलाओं को मुफ्त सुविधा
टीम-नाहन, राजगढ़
जिला सिरमौर में मंगलवार को कई स्थानों पर भैया दूज का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। हालांकि, जिला के कुछ क्षेत्रों में बुधवार को भी यह त्योहार मनाया जाएगा। इस अवसर पर भाइयों ने बहनों के घर पहुंचकर उनके माथे पर तिलक करवाया और उन्हें उपहार व स्नेह भेंट किया। वहीं, बहनों ने भी भाइयों की लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इससे पहले आठ नवंबर को दीपावली का पर्व पंचांग के अनुसार देश-प्रदेश में मनाया गया। सोमवार को जिला सिरमौर में विश्वकर्मा दिवस और गोवर्धन पूजा का आयोजन हुआ।

वहीं, गिरिपार क्षेत्र में अनूठी परंपरा के अनुसार इस दिन को जिला पड़वी के रूप में मनाया गया। मंगलवार को यम द्वितीया यानी भैया दूज का पर्व मनाया गया। गिरिपार क्षेत्र में भैया दूज के साथ सास-दामाद के आशीर्वाद की विशेष परंपरा भी जुड़ी है। इसके तहत विवाहित महिलाएं अपने पति के साथ मायके पहुंचीं। नवविवाहित दामादों ने सास को विशेष भेंट देकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उधर, एचआरटीसी नाहन डिपो के डीडीएम रामदयाल ने बताया कि बुधवार को महिलाओं को सूर्योदय से सूर्यास्त तक निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App