Period Problems: सर्वे में खुलासा, 63 प्रतिशत महिलाओं की दिनचर्या होती है प्रभावित
बर्लिन। जर्मनी के न्यूरेनबर्ग स्थित इंस्टीट्यूट फॉर एम्प्लॉयमेंट रिसर्च (आईएबी) के इस वर्ष महिलाओं पर किये गये ताजा अध्ययन में सामने आया है कि माहवारी संबंधी समस्याओं से 63 प्रतिशत महिलाओं की दिनचर्या प्रभावित होती है और 23 प्रतिशत महिलाओं की दिनचर्या बहुत ही ज्यादा प्रभावित होती है। इसके बावजूद छह महीने में केवल 13 प्रतिशत महिलाओं ने कम से कम पूरे एक दिन की छुट्टी ली और गंभीर रूप से प्रभावित महिलाओं में से भी 56 प्रतिशत ने बीमारी की भी छुट्टी नहीं ली, जिसे शोध में ‘प्रेजेंटीइज्म’ कहा जाता है और जिससे एकाग्रता और उत्पादकता घट सकती है।
यह सर्वेक्षण 25 से 55 वर्ष आयु की 2,107 कार्यरत महिलाओं पर किया गया था। इस बीच, एक अच्छी और प्रेरक पहल के तहत जर्मनी के बावेरिया स्थित बैड हिंडेलैंग के ‘श्लॉसकेलर’ रेस्तरां के संचालक पीटर ब्रुत्शर तेज माहवारी दर्द से जूझती महिला कर्मचारियों को बिना किसी चर्चा के दो से चार दिन तक शिफ्ट से मुक्त रखकर उनकी शिफ्ट का निर्धारण माहवारी चक्र के अनुसार कर रहे हैं। आतिथ्य क्षेत्र की व्यस्तता, लंबे समय तक खड़े रहने, भारी प्लेटें उठाने तथा रसोई और सेवा कार्य में समय के दबाव को देखते हुए उन्होंने ‘महिला चक्र को नजरअंदाज नहीं, बल्कि समझा जाना चाहिए’ के सिद्धांत पर यह व्यवस्था अपनाई है।
पत्रिका ‘फोकस’ के अनुसार, इसके तहत महिला कर्मचारी अपनी शिफ्ट किसी अन्य सप्ताह में स्थानांतरित कर सकती हैं, लेकिन इसका अर्थ स्वतः अतिरिक्त सवैतनिक अवकाश नहीं है। पीटर ब्रुत्शर ने कहा कि इस पहल पर उनका मजाक भी उड़ाया गया, लेकिन एक सहकर्मी के अनुभव ने उन्हें इस ओर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। इसी तरह लोअर सैक्सनी के ग्रासबर्ग की गहन देखभाल सेवा ‘कुंटरबंटे बटरफ्लिगे’ में भी इच्छा के अनुसार महिला कर्मियों के चक्र और समस्याओं का ध्यान रखा जाता है।
जर्मनी में माहवारी के कारण कार्य करने में असमर्थता पर सामान्य बीमारी के नियम लागू होते हैं और स्वैच्छिक शिफ्ट बदलाव बीमारी प्रमाणपत्र का विकल्प नहीं है, इसलिए ऐसी किसी भी व्यवस्था की सफलता के लिए कार्यस्थल पर विश्वास का माहौल जरूरी है, ताकि सहायता लेने पर पेशेवर साख को लेकर भय न रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

