शेख हसीना की पार्टी पर फिर शिकंजा, पूर्व मंत्रियों समेत छह बड़े नेताओं को जेल भेजने का आदेश

By: Nov 23rd, 2026 5:53 pm

ढाका। बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (आईसीटी) ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटाने वाले जुलाई-अगस्त 2024 के जनविद्रोह के दौरान कथित मानवता-विरोधी अपराधों से जुड़े एक मामले में अवामी लीग के छह वरिष्ठ नेताओं को जेल भेजने का आदेश दिया है। इनमें पार्टी की प्रेसिडियम के सदस्य अमीर हुसैन अमू भी शामिल हैं। न्यायाधिकरण ने इसी मामले में अवामी लीग के संगठन सचिव मिर्जा आजम को पेश होने का निर्देश देते हुए दो राष्ट्रीय समाचार पत्रों में नोटिस प्रकाशित करने का भी आदेश दिया। न्यायमूर्ति एमडी नजरुल इस्लाम चौधरी की अध्यक्षता वाली अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण-2 की तीन सदस्यीय पीठ ने रविवार को ये आदेश दिए।

अन्य आरोपियों में पूर्व नौवहन मंत्री शाजहान खान, पूर्व नागरिक उड्डयन एवं पर्यटन मंत्री लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) फारुक खान, पूर्व कृषि मंत्री अब्दुर रज्जाक, हसीना के पूर्व बिजली, ऊर्जा एवं खनिज संसाधन सलाहकार तौफीक-ए-इलाही चौधरी और पूर्व मंत्री डॉ. दीपू मोनी शामिल हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, छह में से पांच आरोपियों को रविवार सुबह न्यायाधिकरण के समक्ष पेश किया गया, जबकि बीमारी के कारण फारुक खान को अदालत नहीं लाया जा सका।

ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, सुनवाई के दौरान अभियोजक अब्दुस सत्तार पलोवान ने न्यायाधिकरण को बताया कि छह आरोपियों को उसके समक्ष पेश होने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने अदालत को यह भी बताया कि मिर्जा आजम के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था, लेकिन उनके स्थायी और अस्थायी पतों पर तलाश के बावजूद कानून प्रवर्तन एजेंसियां उनका पता लगाने में विफल रहीं।

रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद एजेंसियों ने वारंट तामील नहीं होने संबंधी रिपोर्ट पेश की, जिसके बाद न्यायाधिकरण ने दो राष्ट्रीय समाचार पत्रों में नोटिस प्रकाशित कर आजम को उसके समक्ष पेश होने का निर्देश दिया। अभियोजन पक्ष ने दो नवंबर को अवामी लीग के सात नेताओं के खिलाफ औपचारिक आरोप दाखिल किए थे। न्यायाधिकरण ने पांच नवंबर को इन आरोपों पर संज्ञान लेते हुए छह आरोपियों को पेश होने का निर्देश दिया था और आजम के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

यह कार्रवाई अगस्त 2024 में शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद से अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच हुई है। मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाले अंतरिम प्रशासन के दौरान शुरू हुई गिरफ्तारियां और कानूनी कार्यवाही अब सत्तारूढ़ बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के शासन में भी जारी हैं।

पिछले सप्ताह पूर्व शिक्षा मंत्री और अवामी लीग के वरिष्ठ नेता नुरुल इस्लाम नाहिद को जुलाई 2024 के विरोध प्रदर्शनों से जुड़े हत्या के मामलों में गिरफ्तार किया गया था। उत्तरा पश्चिम थाने के प्रभारी अधिकारी खालिद मंसूर ने नाहिद की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें ढाका के उत्तरा इलाके में उनके आवास पर छापेमारी के दौरान हिरासत में लिया गया।

समाचार पत्र प्रथम आलो ने पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा, “भेदभाव-विरोधी छात्र आंदोलन के दौरान हुई हत्याओं के सिलसिले में उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उनके खिलाफ कानूनी मामलों की जांच की जा रही है और उनका निपटारा किया जा रहा है।”

सिलहट-6 निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व सांसद नाहिद अवामी लीग की सलाहकार परिषद के सदस्य हैं। वर्ष 2008 के संसदीय चुनावों के बाद पार्टी के सत्ता में आने पर उन्होंने 10 साल तक शिक्षा मंत्री के रूप में कार्य किया था। उनकी गिरफ्तारी से एक दिन पहले पूर्व मंत्री और सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी नजरुल इस्लाम हिरू को भी ढाका में विशेष प्रतिक्रिया बटालियन ने गिरफ्तार किया था। हसीना सरकार के पतन के बाद उनके खिलाफ दर्ज कई मामलों के सिलसिले में यह गिरफ्तारी की गई थी।

छात्र प्रदर्शनकारियों के नेतृत्व में जुलाई-अगस्त 2024 में हुआ जनविद्रोह 15 साल से अधिक समय तक अवामी लीग के शासन के बाद शेख हसीना के सत्ता से हटने के साथ समाप्त हुआ था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App