प्री-नर्सरी की कमान अब जेबीटी के हाथ, जानिए कब तक इन कक्षाओं में देनी होगी सेवाएं

By: Nov 16th, 2026 12:08 am

जेबीटी संभालेंगे प्री-नर्सरी का जिम्मा, एनटीटी भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक कक्षाओं में देनी होगी सेवाएं, नई नियुक्ति को करना होगा इंतजार

aकार्यालय संवाददाता — शिमला

प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्री-नर्सरी कक्षाओं के लिए प्रस्तावित 6297 एनटीटी (प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षक) पदों पर भर्ती के लिए फिलहाल राज्य में अभ्यर्थियों को अभी लंबा इंतजार करना पड़ेगा। भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थियों की कमी और प्रशिक्षण संबंधी नियमों के चलते पिछले पांच वर्षों से अटकी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अब राज्य सरकार नया रास्ता तलाश रही है। सरकार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) में दो वर्षीय एनटीटी डिप्लोमा कोर्स शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए केंद्र सरकार से मंजूरी मांगी जाएगी। हालांकि, जब तक प्रशिक्षण और भर्ती की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक सरकारी स्कूलों में प्री-नर्सरी के बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी जेबीटी शिक्षकों के पास ही रहेगी। ऐसे में एनटीटी भर्ती का इंतजार कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। दरअसल, प्रदेश में एनटीटी के 6297 पद भरने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन के माध्यम से प्रयास किए गए थे। भर्ती की जिम्मेदारी 14 कंपनियों को सौंपी गई थी। इसके लिए करीब 10 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, लेकिन दस्तावेजों और शैक्षणिक योग्यता की जांच के बाद महज 14 अभ्यर्थी ही निर्धारित पात्रता पूरी कर पाए।

इसका सबसे बड़ा कारण राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद के नियमों के तहत दो वर्षीय एनटीटी डिप्लोमा की अनिवार्यता है। प्रदेश में अधिकांश अभ्यर्थियों ने एक वर्षीय डिप्लोमा किया है, जबकि कई के प्रमाणपत्र ऐसे संस्थानों के हैं, जिन्हें एनसीटीई की मान्यता प्राप्त नहीं है। इस कारण भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। अब सरकार निजी संस्थानों पर निर्भर रहने के बजाय सरकारी स्तर पर ही प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को तैयार करने की योजना पर काम कर रही है। इसके तहत डाइट में दो वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। सरकार के पास डाइट में प्रशिक्षण के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा उपलब्ध है। केंद्र से मंजूरी मिलने पर यहां निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर भविष्य में एनटीटी भर्ती के लिए पात्र अभ्यर्थी तैयार किए जा सकेंगे।

केंद्र्र से ब्रिज कोर्स की अनुमति नहीं मिलने से लटकी भर्ती

प्रदेश सरकार ने एक वर्षीय एनटीटी डिप्लोमा करने वाले अभ्यर्थियों को राहत देने के लिए ब्रिज कोर्स करवाने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार के समक्ष रखा था। इसके तहत डाइट के माध्यम से एक वर्षीय डिप्लोमा धारकों को अतिरिक्त प्रशिक्षण देकर दो वर्षीय डिप्लोमा की पात्रता पूरी करवाने की मांग की गई थी, लेकिन केंद्र से इसकी अनुमति नहीं मिल पाई। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश में एनटीटी डिप्लोमा करवाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखकर मामला उठाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App