तपोवन में सुरक्षा घेरा; जमीन पर पुलिस, आसमान में ड्रोन का पहरा, 11 सेक्टर में बांटी सुरक्षा व्यवस्था

By: Nov 16th, 2026 12:12 am

800 जवानों की तैनाती, 11 सेक्टर में बांटी सुरक्षा व्यवस्था

जोरावर सिंह मैदान में ब्रीफिंग के बाद जवानों ने संभाली ड्यूटी

स्टाफ रिपोर्टर — धर्मशाला

धर्मशाला के तपोवन में सोमवार से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। विधानसभा भवन और परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी की जाएगी। साथ ही सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था का जिम्मा संभालने के लिए 800 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा में किसी तरह की कोताही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को सुरक्षा प्रबंधों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि तपोवन विधानसभा भवन की सुरक्षा पूर्व की भांति पुख्ता रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि भवन की मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य भी पूरा कर लिए गए हैं। विधानसभा परिसर को पूरी तरह से रोशनी से जगमगाया गया है। सत्र के दौरान छह बैठकें आयोजित होंगी। विधानसभा सत्र के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए कांगड़ा पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। करीब 800 पुलिस जवानों और अधिकारियों की तैनाती की जा रही है।

यह बोले एसपी कांगड़ा

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि विधानसभा सत्र को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान तैयार कर लिया गया है। करीब 800 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। रविवार को जोरावर सिंह मैदान में ब्रीफिंग के दौरान जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

जोरावर सिंह मैदान तपोवन में रविवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने सभी को ड्यूटी के दौरान पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और मुस्तैदी बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों को निर्धारित ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने तथा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को आपसी समन्वय से संभालने के लिए कहा गया। सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की दृष्टि से पूरे क्षेत्र को 11 सेक्टरों में बांटा गया है। इनमें पांच सेक्टर सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण रखे गए हैं। सेक्टर-एक में विधानसभा परिसर और इसके दोनों मुख्य प्रवेश द्वार शामिल हैं, जहां त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। सेक्टर-दो में कनेड चौक से जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह तक विधानसभा का बाहरी क्षेत्र रहेगा। सेक्टर-तीन में जोरावर पार्किंग, रैली मैदान, पंचायत भवन सिद्धबाड़ी, नियंत्रण कक्ष और पुराने पंचायत घर सिद्धबाड़ी को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री के रात्रि ठहराव स्थल सर्किट हाऊस चीलगाड़ी धर्मशाला को सेक्टर-चार और धर्मशाला स्थित राज्य सचिवालय को सेक्टर-पांच में रखा गया है।

पास के बिना किसी को नहीं मिलेगी प्रवेश की अनुमति

तपोवन विधानसभा परिसर में वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। परिसर के भीतर पार्किंग स्टीकर केवल मंत्रिपरिषद के सदस्यों, मुख्य संसदीय सचिवों, विधायकों, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और प्रशासनिक सचिवों को जारी किए गए हैं। विभागाध्यक्षों और विभागीय वाहनों को ड्रॉपिंग पास मिलेगा। मुख्य प्रवेश द्वार नंबर एक से केवल निर्धारित वीआईपी वाहनों को प्रवेश मिलेगा, जबकि अन्य पासधारक वाहनों के लिए गेट नंबर दो निर्धारित किया गया है। दर्शक दीर्घा में जाने वाले आगंतुकों को उपलब्धता के आधार पर पास जारी होंगे और उनका प्रवेश गेट नंबर सात से होगा। मीडिया कर्मियों के लिए गेट नंबर एक और पांच निर्धारित किए गए हैं।

मटौर से मकलोडगंज तक विशेष ट्रैफिक प्लान

विधानसभा सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए छह विशेष ट्रैफिक सेक्टर बनाए गए हैं। इसके तहत मटौर, गगल, डाढ, योल और मकलोडगंज से धर्मशाला तक वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। सिद्धबाड़ी से योल, चामुंडा और डाढ तक के मार्ग को अलग सेक्टर में रखा गया है। वहीं, सिद्धबाड़ी से शिला चौक और शिला चौक से रेडक्रॉस चौक तक भी अलग-अलग यातायात सेक्टर बनाए गए हैं। शहर के व्यस्त रेडक्रॉस चौक, कचहरी चौक, केसीसी बैंक चौक, शिक्षा बोर्ड, अपर सकोह, चीलगाड़ी रोड, वार मेमोरियल से परिधि गृह और कोतवाली बाजार तक यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रहेगी। सत्र के दौरान वीआईपी और वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही के साथ आम लोगों और पर्यटकों को जाम की समस्या से बचाना भी पुलिस के लिए चुनौती रहेगा। प्रमुख चौकों और संवेदनशील स्थानों पर जवान तैनात रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App