पंजाब में नशे के मुद्दे पर राहुल गांधी ने AAP को घेरा, सीएम मान पर भी साधा निशाना

By: Nov 4th, 2026 5:23 pm

संगरूर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पंजाब में नशे की समस्या खत्म करने में आम आदमी पार्टी सरकार को पूरी तरह विफल बताते हुए लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में ऐसी सरकार बनाने की अपील की जो राज्य को नशे से मुक्त कर सके और युवाओं को रोजगार दे सके। राहुल गांधी ने बुधवार को यहां ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में नशा सबसे बड़ा मुद्दा है और आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले राज्य से नशा खत्म करने का वादा किया था लेकिन वह इस समस्या को समाप्त नहीं कर पायी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यदि राज्य को नशे के खिलाफ सख्ती से लड़ना है तो मुख्यमंत्री को नशे में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि मौजूदा सरकार पंजाब के किस कोने से नशा खत्म करने में सफल रही है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि पंजाब की सरकार दिल्ली से चलाई जा रही है जबकि राज्य को ऐसी सरकार की जरूरत है जो पंजाब से ही चले तथा यहां के लोगों के हित में फैसले करे। उन्होंने पंजाब के लोगों से ऐसी सरकार बनाने की अपील की जो नशा खत्म करे, लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा दे, युवाओं को रोजगार दे और किसानों की रक्षा करे । उन्होंने पंजाब के लोगों से कांग्रेस की सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह काम कांग्रेस ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि जब वह कई वर्ष पहले पहली बार पंजाब आये थे, तभी उन्होंने राज्य में नशे की समस्या फैलने की चेतावनी दी थी। उस समय भाजपा, अकाली दल और अन्य विपक्षी दलों ने उनकी बात को यह कहकर खारिज कर दिया था कि उन्हें पंजाब की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब में उद्योगों, कारखानों और मजबूत कृषि क्षेत्र के अभाव में नशे तथा ‘गैंगस्टर’की समस्या बढ़ी है और सड़कों पर गोलीबारी हो रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि एक समय पंजाब में कांग्रेस की सरकार के दौरान ऑटोमोबाइल उद्योग के साथ बड़ी संख्या में लघु एवं मध्यम उद्योग थे जिनसे बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होते थे लेकिन आज खेती और उद्योग दोनों संकट में हैं। पंजाब के किसानों ने पूरे देश को भोजन दिया है इसलिए उनकी रक्षा करना जरूरी है। राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने होंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा ” शराब पीना भगवंत मान का निजी मामला हो सकता है लेकिन यदि पंजाब को नशे से लड़ना है तो मुख्यमंत्री हर शाम नशे के प्रभाव में नहीं रह सकता। पंजाब को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो नशे से होने वाले नुकसान को महसूस करे और राज्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करे।”

राहुल गांधी ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि वह एक प्रतिभाशाली युवा संगीतकार थे। जब वह पहली बार उनसे मिले थे, तब उन्हें उनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। उन्हें बताया गया था कि वह अच्छे व्यक्ति और संगीतकार हैं तथा कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने उन्हें पार्टी में शामिल कराने में मदद की थी और उन्हें राजनीतिक संरक्षण देने की कोशिश की थी। बाद में उनका गाना ‘295’ सुनने के बाद उन्हें उनकी प्रतिभा और पंजाब की आवाज को दुनिया तक पहुंचाने की क्षमता का अहसास हुआ।

उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला को धमकियां मिल रही थीं, इसके बावजूद उनकी सुरक्षा हटा दी गई और पंजाब तथा पूरे देश के सामने दिनदहाड़े उनकी कार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि मूसेवाला के साथ जो हुआ, वह अब पंजाब में एक चलन बन गया है। जिस सोच ने उनकी हत्या की, वही सोच आज राज्य के हर कोने में फैल रही है। अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ने और पंजाब तथा देश के लिए काम करने की इच्छा रखने वाले युवाओं को धमकाया जाता है और दिनदहाड़े गोली मार दी जाती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App