हाईकोर्ट के आदेशों से सिमटेगा रेणुकाजी मेला
50 से 60 प्लॉट होंगे कम; झील से 100 मीटर के दायरे में नहीं लगेंगी दुकानें, मेले के दौरान कारोबार के लिए नौ दिन ही मिलेगी अनुमति
कार्यालय संवाददाता-नाहन
मां-पुत्र के पावन मिलन के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले-2026 में इस बार हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेशों का असर साफ नजर आएगा। न्यायालय के निर्देशों के बाद मेला मैदान में व्यावसायिक गतिविधियों का दायरा सिमट जाएगा। रेणुका झील से 100 मीटर के दायरे में दुकानें लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके चलते इस वर्ष करीब 50 से 60 व्यावसायिक प्लॉट कम करने पड़ेंगे। इससे मेला मैदान में दुकानों के लिए उपलब्ध क्षेत्रफल लगभग 15 हजार वर्ग फुट कम हो जाएगा। वहीं, व्यापारियों को 20 दिनों के बजाय केवल नौ दिनों तक दुकानें लगाने की अनुमति मिलेगी। गौरतलब है कि रेणुकाजी विकास बोर्ड प्रतिवर्ष भैया दूज से मेला मैदान में व्यापारियों को अस्थायी दुकानें लगाने के लिए प्लॉट आवंटित करता है। सामान्य तौर पर यहां 350 से अधिक प्लॉट चिन्हित किए जाते हैं, लेकिन इस बार न्यायालय के आदेशों के चलते इनकी संख्या घटानी होगी। रेणुकाजी क्षेत्र वन्य प्राणी अभयारण्य के अंतर्गत आने के कारण यहां पर्यावरण संरक्षण और निर्धारित नियमों का पालन भी अनिवार्य होगा। इस बार मेले की व्यावसायिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पहले रेणुकाजी विकास बोर्ड अपने स्तर पर अलग-अलग व्यापारियों को प्लॉट आवंटित कर राजस्व अर्जित करता था, लेकिन इस बार पूरे मेला मैदान को एक ही ठेकेदार को आवंटित किया गया है। इससे बोर्ड को 85.51 लाख रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है।
19 से 24 नवंबर तक चलेगा आस्था का महापर्व
सदियों से मां रेणुकाजी और भगवान परशुराम के पावन मिलन का प्रतीक अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला इस वर्ष 19 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा। कार्तिक शुक्ल पक्ष की दशमी से कार्तिक पूर्णिमा तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं का निर्वहन किया जाएगा। हालांकि, वन्य प्राणी अभयारण्य क्षेत्र में आने के कारण अब मेले की कई पुरानी परंपराओं और व्यावसायिक गतिविधियों को निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित करना होगा।
प्लास्टिक पर प्रतिबंध, 100 से अधिक अस्थायी शौचालय बनेंगे
न्यायालय के आदेशों के तहत मेला क्षेत्र में प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। स्वच्छता और सफाई व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्रबंध करने होंगे। इसके लिए मेला क्षेत्र में 100 से अधिक अस्थायी शौचालय स्थापित किए जाएंगे। वहीं, ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम पर प्रतिबंध रहेगा। केवल पहली सांस्कृतिक संध्या को अनुमति के अनुसार रात 12 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किया जा सकेगा।
एसडीएम नाहन बोले, हाइकोर्ट के आदेशों का होगा पालन
रेणुकाजी विकास बोर्ड के सदस्य सचिव एवं एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि मेले में उच्च न्यायालय के आदेशों की पूरी तरह पालना की जाएगी। झील से 100 मीटर के दायरे में दुकानें नहीं लगेंगी। स्वच्छता के लिए 100 से अधिक अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था की गई है। रात 10 बजे के बाद ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि पहली सांस्कृतिक संध्या को विशेष अनुमति के तहत रात 12 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
