डंगे का काम छोड़ा अधूरा, खतरे में घर

By: Nov 11th, 2026 12:55 am

मकान मालिक बोले, पांच से छह फुट ऊंची ब्रेस्ट वॉल का हुआ निर्माण, परिवार की बढ़ी चिंता
नगर संवाददाता-ऊना
अंबेहड़ा रामकिशन-धमांधरी रोड पर लोक निर्माण विभाग की ओर से लगवाए जा रहे डंगे और ब्रेस्ट वॉल का निर्माण कार्य स्थानीय निवासी आदित्य शर्मा के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। उनका कहना है कि उनके मकान के साथ डंगे का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे बरसात के दौरान मिट्टी दरकने और मकान को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने विभाग से डंगे की ऊंचाई बढ़ाकर निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग की है। आदित्य शर्मा ने बताया कि उनके मकान के साथ विभाग ने करीब छह फीट ऊंचा डंगा बनाया है, जबकि मकान की करीब 12 से 14 फीट ऊंचा है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से डंगे का निर्माण पूरा होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सडक़ पर कुछ अन्य स्थानों पर 8 से 9 फीट ऊंची दीवारों का निर्माण किया गया है, जबकि उनके मकान के नीचे सुरक्षा कार्य अभी अधूरा है। उनके अनुसार मौके पर एसडीओ ने करीब 10 फीट ऊंची ब्रेस्ट वॉल बनाने की बात कही थी, लेकिन निर्माण केवल पंाच से छह फीट तक ही हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग उठाई जा चुकी है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1100 पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। आदित्य शर्मा ने बताया कि 25 नवंबर को उनके घर में शादी समारोह है। ऐसे में अधूरे डंगे को लेकर परिवार की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने विभाग से निर्माण कार्य की तकनीकी जांच करवाने, स्वीकृत योजना के अनुसार मकान के साथ आवश्यक सुरक्षा दीवार का निर्माण शादी से पहले पूरा करवाने की मांग की है।

विभाग के एक्सईएन डीसी ठाकुर के बोल
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता डीसी ठाकुर बंगाणा ने बताया कि विभाग द्वारा अंबेहड़ा रामकिशन-धमांधरी मार्ग पर सडक़ निर्माण व डंगे लगाने का कार्य कर रहा है। विभाग आवश्यकता अनुसार डंगों की ऊंचाई कर रहा है। अगर ऐसा है तो विभाग की टीम मौका का निरीक्षण करेगी और उचित कार्रवाई अमल में लाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App