पनीर और मिठाइयों के भरे सात सैंपल
मनाली में खाद्य वस्तुओं के नमूने जांच को भेजे, आठ लीटर पुराना इस्तेमाल किया तेल मौके पर करवाया नष्ट
जिला संवाददाता-कुल्लू
पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजार में दबिश दी। विभाग की टीम ने विभिन्न दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर सात खाद्य पदार्थों के नमूने भरे। वहीं, खाद्य पदार्थों को तलने के लिए बार-बार इस्तेमाल किए जा रहे करीब सात से आठ लीटर तेल को भी मौके पर नष्ट करवाया गया। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा अनिल शर्मा ने बताया कि टीम ने पनीर, चमचम, मिल्क केक, धीड़ा बर्फी, पान पेठा और अचारी चाप सहित अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के लिए नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, ताकि खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता से जुड़े मानकों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कुछ स्थानों पर खाद्य पदार्थों को तैयार करने में इस्तेमाल किया गया तेल निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं था। इसके बाद मौके पर ही लगभग सात से आठ लीटर पुराने और बार-बार इस्तेमाल किए गए तेल को नष्ट करवाया गया। यह कार्रवाई मोबाइल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से जांच और निरीक्षण के बाद की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखनेए गुणवत्तापूर्ण सामग्री इस्तेमाल करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
