जरूरतमंद बच्चों संग बांटी दीपावली की खुशियां

By: Nov 8th, 2026 12:02 am

मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था ने बच्चों को भोजन, मिठाई और सजावटी सामान बांटा
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था ने समाजसेवी एवं पांवटा साहिब निवासी विशाल खोसला के सहयोग से शनिवार को खुशियों का बैंक माजरा में जरूरतमंद बच्चों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया। इस दौरान संस्था की अध्यक्ष पुष्पा खंडूजा ने बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। संस्था की नि:शुल्क ट्यूशन कक्षाओं में पढऩे वाले बच्चों और खुशियों का सहारा योजना से जुड़े बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी बच्चों को भोजन करवाया गया तथा जूस, मिठाई और दीपावली से संबंधित सजावटी सामान वितरित किया गया। वहीं, खुशियों का सहारा योजना से जुड़े जरूरतमंद बच्चों को जूते भी प्रदान किए गए।

संस्था द्वारा खुशियों के बैंक माजरा में प्रतिदिन शाम को आसपास के बच्चों को नि:शुल्क ट्यूशन पढ़ाया जाता है। इसके अलावा खुशियों का सहारा योजना के तहत विभिन्न स्कूलों में पढऩे वाले ऐसे जरूरतमंद बच्चों की मदद की जाती है, जिनके माता-पिता नहीं हैं या जिनके परिवार आर्थिक एवं अन्य कठिनाइयों के चलते उनकी शिक्षा का खर्च उठाने में असमर्थ हैं। संस्था इन बच्चों की शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं में सहयोग करती है। संस्था का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण शिक्षा और खुशियों से वंचित न रहे। इस मौके पर संस्था ने विशाल खोसला सहित जरूरतमंद बच्चों की सहायता में योगदान देने वाले सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App