दौलतपुर चौक कालेज के छात्रों ने सीखी विज्ञान
स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक ने स्कूली विद्यार्थियों को विज्ञान की व्यावहारिक शिक्षा से जोडऩे की दिशा में नई पहल करते हुए एकदिवसीय विज्ञान कार्यशाला ‘विज्ञान-नीति: साइंस फेस्ट’ का आयोजन किया। महाविद्यालय के विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में विभिन्न स्कूलों के करीब 150 विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ भाग लिया। खास बात यह रही कि स्कूली विद्यार्थियों को कॉलेज की प्रयोगशालाओं तक पहुंचाकर विज्ञान को किताबों से बाहर व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर प्रदान किया गया।कार्यशाला में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान पर आधारित विभिन्न वर्किंग मॉडल प्रदर्शित किए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनारी, दौलतपुर चौक, पिरथीपुर और अम्बोटा सहित विभिन्न स्कूलों से पहुंचे विद्यार्थियों ने इन मॉडलों के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्राध्यापकों डॉ मनोज कहोल, डॉ रमन चौधरी इत्यादि ने लाइव डेमोंस्ट्रेशन के जरिए वैज्ञानिक सिद्धांतों को दैनिक जीवन के उदाहरणों से जोडक़र समझाया। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान के सैद्धांतिक ज्ञान और उसके वास्तविक उपयोग के बीच संबंध समझने का अवसर मिला।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने कहा कि भविष्य में विज्ञान और अनुसंधान की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होने वाली है। इस अवसर पर प्रो. डॉ. मनोज कहोल, आयोजन सचिव डॉ. रमन चौधरी, डॉ. रोहिणी राणा, डॉ. सतिंदर कुमार, प्रो. रितिका, डॉ. मनीषा, प्रो. नैना सिंह, रविंदर सिंह और सोनिका चौधरी सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। वहीं इस दौरान विज्ञान की मौलिकता और जरूरत को समझा गया कि इसका महत्व क्या है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

