आज सीरीज कब्जाने उतरेगी टीम इंडिया, वनडे कप्तानी को तैयार श्रेयस, इन खिलाड़ियों को मौका

By: Nov 13th, 2026 12:08 am

गिल की गैरमौजूदगी में श्रेयस पहली बार वनडे कप्तानी को तैयार, न्यूजीलैंड की सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर नजर

एजेंसियां- माउंट माउंगानुई

नियमित कप्तान शुभमन गिल की अनुपस्थिति में कमान संभालने वाले श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को माउंट माउंगानुई में होने वाले चौथे वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट मैच में इस फॉर्मेट में कप्तानी के अपने डेब्यू पर विशेष छाप छोडऩा चाहेंगे, जिसमें भारतीय टीम की निगाह सीरीज जीतने पर होगी। भारत पांच मैचों की सीरीज में अभी 2-0 से आगे है और टीम में कुछ बदलाव के बावजूद वह जीत का प्रबल दावेदार है। तीसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद अब न्यूजीलैंड के पास केवल सीरीज बराबर करने का मौका है और वह इसके लिए अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा। गिल 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की सीरीज की तैयारी के लिए टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अय्यर भारत की कप्तानी करेंगे, जो पहले दो मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। शॉर्ट पिच गेंदों के सामने उनकी कमजोरी खुलकर उजागर हो गई है। केएल राहुल और अंशुल कंबोज भी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए टेस्ट टीम से जुड़ गए हैं। इन खिलाडिय़ों की अनुपस्थिति में ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन और सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को मौका मिलना तय लग रहा है। यह देखना दिलचस्प होगा कि गिल की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा के साथ पारी का आगाज कौन करता है। भारत के पास ईशान किशन और गायकवाड़ के रूप में दो विकल्प हैं।

गायकवाड़ ने अपनी पिछली पांच वनडे पारियों में मध्यक्रम में बल्लेबाजी की है। अनुभवी रोहित इस दौरे की अपनी पहली बड़ी पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध होंगे, क्योंकि पहले मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए थे, जबकि दूसरे मैच में उन्होंने 30 रन बनाए। किशन पारी की शुरुआत करने के प्रबल दावेदार हैं, क्योंकि उन्होंने चार साल पहले सलामी बल्लेबाज के रूप में दोहरा शतक लगाया था। राहुल की अनुपस्थिति में उन्हें विकेटकीपर की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। न्यूजीलैंड के टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ और हेनरी निकोल्स जैसे खिलाड़ी भी इस मैच में नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि वह टेस्ट सीरीज की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सिफर्ट ने दोनों टीम में किए गए बदलाव के संदर्भ में कहा, जो भी खिलाड़ी उनकी जगह लेगा वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा। हमारे साथ भी ऐसा ही है।

विराट न्यूजीलैंड के खिलाफ 2000 वनडे रन पूरे करने से 22 कदम दूर

चौथे वनडे में विराट कोहली के पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 2,000 रन पूरे करने से केवल 22 रन दूर हैं। ऐसा करते ही वह न्यूजीलैंड के खिलाफ इस आंकड़े तक पहुंचने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। कोहली इससे पहले आस्ट्रेलिया, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ भी वनडे में 2,000 से ज्यादा रन बना चुके हैं। इसके अलावा न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके नाम सात शतक और 11 अद्र्धशतक दर्ज हैं। इस तरह उनके खाते में 18 बार 50 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है। वह फिलहाल रिकी पोंटिंग के बराबर हैं

भारत— श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नमन धीर, औकिब नबी, गुरनूर बराड़, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव।

न्यूजीलैंड— मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रैसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सिफर्ट, विल यंग।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App