अराजकता फैलाकर सत्ता परिवर्तन करना चाहती है कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष बोले, एसआईआर पर भी जनता को गुमराह कर रहे राहुल गांधी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी में आयोजित विकसित भारत युवा संवाद ‘नो योर वोट’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने देश में अराजकता फैलाकर सत्ता परिवर्तन करने वाली कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब समझ गए हैं कि देश उन्हें नकार चुका है। इसलिए लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं से वह चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री नहीं बन सकते, लेकिन गांधी परिवार में जन्म लेने के नाते वह प्रधानमंत्री बनना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।
इसीलिए अराजकता के दम पर देश में रिजीम चेंज करना चाहते हैं। अराजकता और भीड़ तंत्र के सहारे लोकतंत्र को हथियाना चाहते हैं। वह देश को बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल और सीरिया बनाना चाहते हैं, लेकिन वह भूल रहे हैं भारत मिटाने की विदेशी साजिश सदियों से हो रही है, और कोई उसमें कामयाब नहीं हुआ है। आज दुनिया के सबसे सशक्त और प्रभावशाली नेता नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं।
देश के नौजवान भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ
जयराम ठाकुर ने कहा कि आज देश का जेन-जी नरेंद्र मोदी के साथ है। इसलिए अराजकता से सत्ता हथियाने का ख्वाब कभी पूरा नहीं हो पाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं का जोश, राष्ट्रभक्ति की भावना और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा देखकर सदैव आनंद की अनुभूति होती है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की जिम्मेदारी देश के युवा बखूबी निभा रहे हैं। विकसित भारत का लक्ष्य सशक्त, शांतिप्रिय, अराजकतामुक्त और आत्मनिर्भर भारत के जरिए ही हासिल हो सकता है। इसके लिए देश के युवाओं को आगे आना होगा।
प्रदेश के अस्पतालों में बंद करवा दी निशुल्क जांच
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार प्रदेशवासियों की जान से खिलवाड़ कर रही है। अब प्रदेश में निशुल्क जांच कर रहीं लैब काम नहीं कर रही हैं। लोग बिना जांच के इलाज नहीं करवा पा रहे हैं। इलाज के लिए उन्हें महंगी निजी जांच लैब का सहारा लेना पड़ रहा है। बिना जांच के इलाज कैसे होगा और बिना इलाज के लोगों की जान कैसे बचेगी? सत्ता संभालने के बाद से ही कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को वेंटिलेटर पर पहुंचा दिया है।
संगठन की मजबूती को कार्यकर्ताओं की सक्रियता जरूरी
मुबारिकपुर — भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। संगठन की मजबूती केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन और समर्पण भाव से कार्य करने का आह्वान किया। भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन गगरेट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी कार्ययोजनाओं और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा, शाम मिन्हास, अजय ठाकुर, गगरेट नितिन ठाकुर, राजेश ठाकुर, सुशील कालिया, विश्वजीत पटियाल सहित दोनों मंडलों के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
