दिवाली मनाने गांव जा रहा था परिवार, रास्ते में नदी में समाई कार, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र में टीला एनीकट के समीप एक कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल हैं। परिवार दीपावली का त्योहार मनाने अपने गृहग्राम जा रहा था। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के लक्ष्मीनगर निवासी शीतल साहू (44 वर्ष) अपनी पत्नी भारती साहू, बेटे और बेटी के साथ कार से गरियाबंद जिले के पसौद स्थित अपने गृहग्राम जा रहे थे। रविवार रात करीब एक बजे अभनपुर के टीला एनीकट के पास पहुंचने के दौरान तेज रफ्तार कार अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और नदी में जा गिरी।
दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कार में सवार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू और दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नदी से चारों शवों को बाहर निकाला गया। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। गोबरा नवापारा पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में कार के अनियंत्रित होकर नदी में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि, वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा और दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों का खुलासा होने की संभावना है। दीपावली की खुशियां मनाने अपने गांव जा रहे एक ही परिवार के चार सदस्यों की इस हादसे में मौत से परिजनों में शोक व्याप्त है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
