राजधानी में तहबाजारियों का हल्ला, एमसी कर्मियों का घेराव
नगर निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक में हंगामा, पेमाइश करने पहुंची टीम को रोका
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में तहबाजारियों को शिफ्ट करने का मामला मंगलवार को नगर निगम की टाउन वेंडिंग कमेटी (टीबीसी) की बैठक में सहमति के बाद भी विवादों में घिर गया। बैठक में घोड़ा स्टैंड के नीचे बैठे तहबाजारियों को आईजीएमसी और संजौली रोड के बीच चिन्हित स्थान पर शिफ्ट करने का फैसला लिया गया। लेकिन जैसे ही नगर निगम की टीम लक्कड़ बाजार से आईजीएमसी तक जगह की नपाई करने पहुंची, कारोबारियों ने विरोध शुरू कर दिया। मामला बढऩे पर दुकानदार नगर निगम कर्मचारियों से उलझ पड़े। इससे पहले आयुक्त कार्यालय में भी कारोबारियों ने हंगामा किया। नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल और अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा की अध्यक्षता में टीबीसी की बैठक आयोजित की गई। इसमें कमेटी के अध्यक्ष और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। बैठक में घोड़ा स्टैंड के नीचे लंबे समय से बैठे तहबाजारियों को वहां से हटाकर आईजीएमसी और संजौली रोड के बीच चिन्हित स्थान पर शिफ्ट करने पर सहमति बनी। बैठक में बताया गया कि संबंधित तहबाजारियों को पहचान पत्र नवीनीकरण करवाने के लिए पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से दो तहबाजारियों ने कार्ड रिन्यू करवाकर शिफ्ट होने पर सहमति जता दी है, जबकि आठ ने अभी तक कार्ड का नवीनीकरण नहीं करवाया है।
कमेटी ने इन आठ तहबाजारियों को कार्ड रिन्यू करवाने के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय देने और नोटिस जारी करने का निर्णय लिया। साथ ही स्पष्ट किया कि तय समय में प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर नगर निगम उन्हें वहां से हटाकर शिफ्ट करेगा। जिस स्थान पर ये तहबाजारी वर्तमान में बैठे हैं, उसे निगम पहले ही असुरक्षित घोषित कर चुका है। निगम की योजना यहां सुरक्षा संबंधी कार्य करवाकर कॉम्प्लेक्स बनाने की है। इसके लिए बजट भी स्वीकृत हो चुका है, लेकिन तहबाजारियों के शिफ्ट न होने से परियोजना आगे नहीं बढ़ पा रही है। बैठक के बाद आयुक्त ने अधिकारियों को लक्कड़ बाजार से चिन्हित स्थान तक नपाई करने के निर्देश दिए। टीम मौके पर पहुंची तो लक्कड़ बाजार के कारोबारियों ने विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान लक्कड़ बाजार बिजनेसमैन एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रिंस के टीबीसी सदस्य होने को लेकर भी सवाल उठाए गए। कारोबारियों ने नगर निगम कर्मचारियों के साथ बहसबाजी की और विरोध जताया। आयुक्त सचिन कंवल ने कहा कि नगर निगम ने यह कदम शहर में व्यवस्था और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर उठाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया जाएगा। अब एक सप्ताह का नोटिस पूरा होने के बाद निगम की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
