रामनगर में पेयजल संकट दूर करने को ग्रामीणों ने उठाई आवाज

By: Nov 11th, 2026 12:53 am

बोरवेल से स्टोरेज टैंक तक बिछाई जाए हजार मीटर पाइपलाइन, उचित क्षमता की मोटर उपलब्ध करवाने की मांग
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
पांवटा साहिब विकास खंड की ग्राम पंचायत राजपुर के रामनगर गांव में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठने लगी है। इसको लेकर विकास समिति रामनगर के सदस्यों ने जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। समिति ने विभाग से गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की। विकास समिति के अध्यक्ष आदेश पौशवाण ने बताया कि गांव में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। विशेषकर गर्मियों के दौरान पानी की कमी के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अनियमित जलापूर्ति से लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें भी प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रामीणों ने गांव में उपलब्ध बोरवेल से पेयजल स्टोरेज टैंक तक करीब 1000 मीटर लंबी डेढ़ इंच की पाइपलाइन बिछाने की मांग की है।

इसके अलावा बोरवेल से टैंक तक पानी पहुंचाने के लिए उचित क्षमता की मोटर उपलब्ध करवाने का आग्रह भी किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन और मोटर की व्यवस्था होने से गांव में पेयजल आपूर्ति सुचारू हो सकेगी और लंबे समय से चले आ रहे संकट से राहत मिलेगी। वहीं, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित एसडीओ को आवश्यक आगामी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विभाग जल्द मांग पर कार्रवाई कर उन्हें पेयजल संकट से राहत दिलाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App