हिमाचल में आतिशबाजी के बाद कैसा रहा हाल, आखिर कहां-कहां बिगड़ी हवा की सेहत, धर्मशाला में टूटा रिकॉर्ड
दिवाली का त्योहार खुशियों, रोशनी और आतिशबाजी की चमक लेकर आता है, लेकिन इस चमक के पीछे प्रदूषण की एक ऐसी काली परत छूट जाती है जो सांसों पर भारी पड़ने लगती है। देवभूमि हिमाचल प्रदेश, जिसे अपनी स्वच्छ, ताजी और ठंडी हवा के लिए जाना जाता है, इस बार दिवाली पर प्रदूषण के असर से अछूती नहीं रही। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी से लेकर खूबसूरत वादियों वाले धर्मशाला तक, त्योहार के दौरान हुई आतिशबाजी ने आबोहवा में जहर घोलने का काम किया है। विशेषकर धर्मशाला में पिछले साल के मुकाबले इस बार प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा है, जो यह स्पष्ट संकेत देता है कि पहाड़ों पर भी पर्यावरण का संतुलन तेजी से डगमगा रहा है। हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से प्रदेश के 12 स्थानों पर परिवेशी वायु गुणवत्ता की निगरानी की गई। इसमें बद्दी का एक्यूआइ सबसे अधिक 164 दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला दाड़ी की ओर से किए गए प्रारंभिक विश्लेषण में धर्मशाला का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 149 दर्ज किया गया है। दीवाली से ठीक एक दिन पहले यह आंकड़ा 132 था। यानी महज एक दिन में AQI में 17 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, डमटाल में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही, जहां दीवाली के दिन एक्यूआई 100 रिकॉर्ड किया गया। वर्ष 2025 में दीवाली पर धर्मशाला का एक्यूआइ 120 था। इस बार धर्मशाला का एक्यूआइ पिछले वर्ष के मुकाबले 29 अंक अधिक दर्ज किया गया है।
प्रदूषण के दैनिक आंकड़ों के अनुसार, चार नवंबर को धर्मशाला का एक्यूआई 105, पांच नवंबर को 110, छह नवंबर को 107 और सात नवंबर को 113 रहा था। दीवाली से एक दिन पहले यह बढ़कर 132 और दीवाली के दिन 149 तक पहुंच गया। आंकड़े स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि त्योहार के दौरान आतिशबाजी और अन्य गतिविधियों का स्थानीय वायु गुणवत्ता पर असर पड़ा है। ऊना का AQI 148, सोलन में 144, पांवटा साहिब में 135 और परवाणू में भी वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। राजधानी शिमला की बात करें तो यहाँ पर स्थिति अच्छी रही – अच्छी इसलिए क्यूंकि –दिवाली की रात को पटाखे फोड़ने की वजह से राजधानी शिमला में AQI 191 पहुंच गया था. लेकिन आज सुबह 11 बजे का एक्यूआई 61 दर्ज किया गया है.जोकि राहत की बात रही।
प्रदेश के अन्य कुछ शहरों का एक्यूआइ 51 से 100 के बीच रहा, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। मनाली 88, कुल्लू 79, कांगड़ा में 53 एक्यूआई दर्ज किया गया है। एयर क्वालिटी इंडेक्स के अनुसार, शून्य से 50 तक एक्यूआइ अच्छी, 51 से 100 तक संतोषजनक, 101 से 200 तक मध्यम, 201 से 300 तक खराब, 301 से 400 तक बहुत खराब और 401 से 500 तक गंभीर श्रेणी में आता है। इस लिहाज से आप अंदाजा लगा सकते है की प्रदेश में दिवाली पर प्रदुषण की क्या स्थिति रही ।
इनसब के आलावा अगर बात करें देश की राजधानी दिल्ली की तो यहाँ पर जो आंकड़े सामने आए वो हैरान कर देने वाले है क्योंकि दिल्ली की इस दीवाली ने पिछले पांच सालों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। दिल्ली में इस साल सबसे ज्यादा प्रदूषण वाली दीवाली रही। दिल्ली में दीवाली पर औसत AQI 376 दर्ज किया गया। दीवाली के अगले दिन यानी आज स्थिति लगभग वैसी ही रही। सुबह 10 बजे तक पूरा शहर धुएं की चादर से ढका रहा, इस दौरान एक्यूआई 371 दर्ज किया गया। 2021 के बाद इस दीवाली में दर्ज किया गया एक्यूआई सबसे ऊंचे स्तर पर रहा है।
“लेकिन प्रदूषण का यह संकट सिर्फ हवा में घुले पटाखों के धुएं तक ही सीमित नहीं है। चिंता बढ़ाने वाली एक और बात यह भी है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से जंगलों में आगजनी की घटनाएं भी पेश आई है। दिवाली पर पटाखों से निकली चिंगारियां कुल्लू के जंगलों के लिए आफत बन गईं। जिला मुख्यालय के आसपास बालाबेहड़, भेखली और कोलीबेहड़ के जंगल आग की चपेट में आ गए हैं। आग के कारण बड़ी मात्रा में वन संपदा जलकर राख हो रही है।जंगलों में लगी आग से पेड़-पौधों और झाडिय़ों के साथ वन्य जीवों के प्राकृतिक आवास भी खतरे में हैं। दिवाली के बाद भी कई अन्य स्थानों पर आग लगी है, जिसमे लाखों का नुकसान हुआ है।
हिमाचल के शिमला और मनाली जैसे शहरों ने यह दिखाया है कि सही समय पर हवा का सुधरना राहत दे सकता है, लेकिन दिल्ली की ‘बहुत खराब’ श्रेणी हमें यह चेतावनी देती है कि अगर हम समय रहते नहीं संभले, तो आने वाले सालों में त्योहार की अगली सुबह खुशहाली की नहीं, बल्कि सेहत के संकट की सुबह होगी। आप इस पूरे मुद्दे पर क्या सोचते हैं? अपनी राय कमेंट सेक्शन में ज़रूर साझा करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
