पठानकोट में बंदूक की नोक पर XUV-500 लूटी, आतंकी वारदात की आशंका से पंजाब-जम्मू में हाई अलर्ट
पठानकोट। पंजाब में पठानकोट-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पठानकोट शहर के डाउनटाउन इलाके से बंदूक की नोक पर सफेद रंग की महिंद्रा XUV-500 लूटे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब और जम्मू-कश्मीर में हाई अलर्ट जारी किया है। आशंका जताई जा रही है कि लूटी गई कार का इस्तेमाल किसी आतंकवादी वारदात में किया जा सकता है। पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर), जम्मू की ओर से सोमवार को जारी अलर्ट के अनुसार, अज्ञात हथियारबंद लोगों ने चालक को बंदूक की नोक पर अगवा कर कार सहित कठुआ की ओर ले जाने की सूचना दी है। लूटी गई गाड़ी का पंजीकरण नंबर PB 35AA-9902 बताया गया है। वाहन बमियाल क्षेत्र के एक व्यक्ति का बताया जा रहा है। अलर्ट में सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिस इकाइयों को सतर्क रहने तथा वाहन या उससे संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पीसीआर रियासी को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के बाद पठानकोट-कठुआ-सांबा-जम्मू मार्ग पर पुलिस नाकों, पीसीआर टीमों और थाना प्रभारियों को सतर्क कर दिया गया है। हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को विशेष रूप से सफेद रंग की XUV-500 गाड़ियों की जांच करने और संदिग्ध वाहन मिलने पर उसे रोकने के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के अनुसार, वाहन भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्र का है। वारदात के पीछे नशा तस्करों का हाथ होने की आशंका भी जताई जा रही है, इसकी पुष्टि हालांकि जांच के बाद ही हो सकेगी। यह घटना थाना सुजानपुर क्षेत्र में हुई। थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अभी तक हथियारबंद लोगों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
