करनाल में फोरेस्ट गार्ड बनने को दौड़े युवा, 800 पदों के लिए फिजिकल टेस्ट शुरू, बायोमेट्रिक-चिप से हो रही निगरानी
एचएसएससी की भर्ती प्रक्रिया के तहत 800 पदों के लिए फिजिकल टेस्ट शुरू, बायोमेट्रिक और चिप से हो रही निगरानी
निजी संवाददाता- करनाल
हरियाणा में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन की ओर से फोरेस्ट विभाग के विभिन्न पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत दौड़ की प्रक्रिया करनाल में शुरू कर दी गई है। इसमें पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर की दौड़ चार घंटे में पूरी करनी होगी। जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए 14 किलोमीटर की दूरी निर्धारित की गई है। इस प्रक्रिया में प्रतिदिन करीब 3 हजार अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के सदस्य भूपेंद्र सिंह ने बताया कि फॉरेस्ट गार्ड, फोरेस्ट रेंजर और असिस्टेंट रेंजर सहित करीब 800 से ज्यादा पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है। पदों के मुकाबले लगभग 10 गुना अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए बुलाया गया है। दौड़ तीन बैचों में सुबह 7, 9 और 11 बजे शुरू करवाई जा रही है। कमीशन की ओर से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। अभ्यर्थियों की आधार आधारित बायोमेट्रिक जांच के बाद उनके पैर में चिप लगाई जा रही है। यह चिप स्टार्टिंग पॉइंट, यू-टर्न और फिनिशिंग प्वाइंट पर अभ्यर्थी का समय रिकॉर्ड करती है। दौड़ पूरी करते ही उसका टाइम स्क्रीन पर दिख जाता है।
इसके लिए मौके पर 12 बाई 15 इंच की स्क्रीन लगाई गई हैं। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सरकार की ओर से रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन, पुराने बस स्टैंड और नए बस स्टैंड से अभ्यर्थियों को परीक्षा स्थल तक लाने के लिए बसें लगाई गई हैं। इसके अलावा रेस्ट एरिया बनाया गया है, जहां रात में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था है। अभ्यर्थियों के कीमती सामान और बैग सुरक्षित रखने के लिए डिपॉजिट काउंटर भी बनाया गया है। दौड़ के दौरान सुरक्षा और स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया है। हर आधे किलोमीटर पर सुरक्षाकर्मी और कमीशन के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। रास्ते में पानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा तीन एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराया गया है। 12.5 किलोमीटर के यू-टर्न, 8 किलोमीटर के निर्धारित पॉइंट और स्टार्टिंग पॉइंट पर मेडिकल सुविधाएं रखी गई हैं। वहीं, सिरसा से पहुंचे मुकेश ने बताया कि डबवाली से करनाल आने के लिए उन्हें निशुल्क बस सुविधा मिली। पुराने और नए बस स्टैंड से परीक्षा स्थल तक बसों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका नहीं है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

