मांगू स्कूल के छात्रों ने किया दूरदर्शन शिमला का दौरा
अर्की — राजकीय माध्यमिक विद्यालय मांगू के छात्रों ने प्रदेश की राजधानी शिमला का एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया। जानकारी देते हुए विद्यालय के कला अध्यापक शेखर गुप्ता ने बताया कि नौवीं कक्षा के कुल बीस छात्र-छा़त्राओं को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम छात्रों को भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान ले जाया गया, जहां उन्हें भारतीय स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में बताया गया। इसके पश्चात छात्रों को वन विभाग के बर्ड पार्क में ले विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों की जानकारी दी गई। छात्रों ने राज्य अतिथि गृह पीटरहाफ तथा साथ ही आकाशवाणी एवं दूरदर्शन शिमला का दौरा किया। तत्पश्चात छात्रों को चौड़ा मैदान स्थित राज्य संग्रहालय दर्शाया गया, जहां उन्होंने राज्य के इतिहास से जुड़ी वस्तुओं का अवलोकन किया। छात्रों ने बताया कि इस संग्रहालय में सैनिक कार्नर ने उन्हें सर्वाधिक रोमांचित किया, जहां कि भारतीय सेना के हथियार तथा परमवीर चक्र प्राप्त सैनिकों के चित्र आदि प्रदर्शित किए गए हैं। अंत में छात्रों को राजधानी शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान ले जाया गया तथा उन्हें यहां से शिमला की हसीन वादियों का दर्शन करवाया गया। इस दौरान छात्रों ने विदेशी पर्यटकों के साथ फोटो भी खिंचवाए। इस अवसर पर विद्यालय के शास्त्री भूपेश्वर तथा विद्यालय कर्मचारी बंतु देवी भी छात्रों के साथ रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App