चार महीने में 1002 हादसे, 399 मौतें
यातायात नियमों की अवेहलना के साथ सड़कों की खस्ताहालत भी जिम्मेदार
पालमपुर – प्रदेश की सर्पीली सड़कों की खस्ताहालत और उस पर तेज रफ्तार का जुनून हादसों का सबब बन रहा है। पिछले चार वर्षों पर नजर दौड़ाएं तो प्रदेश में हर साल तीन हजार से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें प्रतिवर्ष एक हजार से अधिक लोग जान गंवा रहे हैं। नए साल का आगाज भी कुछ ऐसा ही रहा है और चार माह में प्रदेश में 1002 सड़क दुर्घटनाएं विभिन्न थानों में दर्ज हुई हैं, जिनमें 399 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1714 लोग घायल हुए हैं। चार माह में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं जिला कांगड़ा में दर्ज की गई हैं, यहां यह आंकड़ा 183 रहा है। इस सूची में 153 के आंकड़े के साथ जिला शिमला दूसरे तो 136 सड़क हादसों के साथ जिला मंडी तीसरे स्थान पर रहा है। प्रदेश में हर रोज औसतन करीब नौ सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। चार माह में केवल दो जिला ऐसे रहे जहां सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ दस या इससे कम रहा। जिला लाहुल-स्पीति में सड़क हादसे का एक तो जिला किन्नौर में दस मामले दर्ज हुए हैं। कुछ समय पूर्व राष्ट्रीय स्तर पर हुए एक सर्वे में यह बात सामने आई थी कि प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में सड़क हादसों का ग्राफ अधिक रह रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के पालन में बरती जा रही कोताही को कारण माना जाए या फिर इन क्षेत्रों में सड़कों की खस्ताहालत को दोष दिया जाए, प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क हादसों का ग्राफ शहरी क्षेत्रों से कहीं अधिक है। अधिक संख्या में दुर्घटनाओं के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्घटनाओं में मारे जाने वाले लोगों की तादाद भी ज्यादा रह रही है। दोपहिया वाहनों को तेज रफ्तार से चलाने का जुनून पाल रहे विशेषकर स्कूल व कालेज के युवा दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहे हैं।
चार माह के हादसे
कांगड़ा 183
शिमला 153
मंडी 136
ऊना 98
सिरमौर 83
सोलन 69
बिलासपुर 68
चंबा 56
हमीरपुर 49
कुल्लू 48
किन्नौर 10
दुर्घटनाएं और मौतें
साल दुर्घटनाएं मौतें घायल
2011 3099 1353 5462
2012 2899 1109 5248
2013 2981 1054 5081
2014 3058 1199 5680
2015 3010 1097 5109
2016 3153 1163 5587
2017 3119 1176 5338
2018 1002 399 1714
अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क रजिस्ट्रेशन!
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App