कल साढ़े सात बजे खुलेंगे स्कूल  

By: May 31st, 2018 12:05 am

ऊना —जिला ऊना में पहली जून से 30 जून तक सरकारी और निजी स्कूल सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर 12 बजे तक खुलेंगे। जिला में पड़ रही प्रचंड गर्मी के चलते एक बार फिर सरकारी, निजी स्कूलों की समय सारिणी में बदलाव किया गया है। वहीं, स्कूल स्टाफ सदस्यों को स्कूल में दोपहर डेढ़ बजे तक ड्यूटी देनी होगी। स्कूलों में समय सारिणी में किए गए बदलाव के बारे में उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पहली जून से स्कूली नौनिहाल सुबह साढ़े बजे तक स्कूल पहुंचेंगे। ऊना जिला में लगातार गर्मी के तापमान में इजाफा हो रहा है। सुबह के समय ही प्रचंड गर्मी अपना रौद्र रूप दिखा रही है। बच्चों को स्कूल पहुंचने में गर्मी के इस मौसम में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके चलते जिला प्रशासन की ओर से स्कूलों की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है। इससे पहले भी प्रशासन द्वारा समय सारिणी बदली गई थी। पहले स्कूल लगने का समय सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे था। इसके चलते भीषण गर्मी व बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से स्कूलों की समय सारिणी में बदलाव करते हुए सुबह आठ बजे से दोपहर डेढ़ बजे  तक का समय निर्धारित किया था, ताकि स्कूली नौनिहालों को किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़े। लेकिन गर्मी का तापमान कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इसके चलते एक बार फिर प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति गंभीरता दिखाते हुए स्कूलों की समय सारिणी में बदलाव किया है। उधर, इस बारे में उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि गर्मी के तापमान को देखते हुए एक बार स्कूलों की समय-सारिणी बदली गई है। उन्होंने कहा कि इस बारे में संबधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App