तेंदुए से भिड़ गई साहसी महिला
चांबी में डंडे-झाड़ू के सहारे भगाया खूंखार, अपनी और कुत्ते की जान बचाई
मंडी – रिवालसर की जनेड़ पंचायत के चांबी गांव में तेंदुए ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया है। गांव चांबी निवासी बलदेव सिंह की पत्नी सेबकी देवी ने हालांकि साहस का परिचय देते हुए तेंदुए से भिड़ कर अपनी जान बचा ली। सेबकी देवी ने डंडे के सहारे तेंदुए से न सिर्फ खुद को बचाया, बल्कि अपने कुत्ते की जान बचाने में भी सफल रही। तेंदुए के हमले में सेबकी देवी को सिर, मुंह व बाजुओं पर तेंदुए के नाखूनों के गहरे घाव हुए हैं। घायल महिला सेबकी देवी ने बताया कि रात को 12 बजे घर के बरामदे में बांधे हुए पालतू कुत्ते के बार-बार भौंकने पर उसे देखने के लिए जैसे ही दरवाजा खोला तेंदुआ एकदम उस पर झपट पड़ा। कड़ी मशक्कत कर वहां पर पड़े डंडे व झाडू से तेंदुए का मुकाबला किया और अपने आपको छुड़ाया तथा कुत्ते को भी बचा लिया। घायल महिला ने घर पर अकेले होने के चलते 108 एंबुलेंस को फ ोन कर सूचना दी। 108 ने मौके पर पहुंचकर महिला को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया। जहां पर घायल महिला का उपचार चल रहा है। महिला के बेटे प्रवीण ने बताया कि तेंदुए द्वारा किए गए हमले की शिकायत वन विभाग को कर दी गई है।
अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर- निःशुल्क रजिस्ट्रेशन!
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App