तीसा अस्पताल में बेतरतीब गाडि़यां चैलेंज
चुराह —सिविल अस्पताल तीसा के परिसर में आडे़-तिरछे वाहन खड़े रहने से मरीजों व तीमारदारों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह है कि आपातकाल की स्थिति में कई मर्तबा परिसर में खडे़ वाहनों के चलते 108 एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल पाता है, जिससे मरीज की जान पर बन आती है। इसकी मुख्य वजह अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कोई पुख्ता बंदोबस्त न होना है। जिस कारण लोग मनमाने तरीके से जहां-तहां वाहन खडे़ कर मरीजों व तीमारदारों के लिए दिक्कतें पेश कर रहे हैं। इलाकावासी रमेश कुमार, सिंह राम, गुलाब सिंह, राम लाल, हिंग राम व सुरेश आदि का कहना है कि तीसा अस्पताल में रोजाना 30 पंचायतों के लोग उपचार के लिए आते हैं। मगर परिसर में खड़े आडे़-तिरछे वाहनों से उन्हें काफी मुश्किलें उठानी पड़ती हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में सुरक्षा के बंदोबस्त न होने के चलते अरसे से इस समस्या का समाधान नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि वे अस्पताल परिसर में होमगार्ड या निजी कंपनी के सुरक्षा कर्मी की मांग कई मंचों से उठा चुके हैं। उन्होंने विस उपाध्यक्ष हंसराज से जल्द अस्पताल परिसर में होमगार्ड जवान की तैनाती कर समस्या का हल करने की मांग उठाई है। उन्होंने साथ ही पुलिस कप्तान डा. मोनिका से भी समस्या का समाधान मांगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App