सफाई कर्मी निगम से मांगेंगे हक
यूटी में आज लायंस कंपनी के कर्मचारी करेंगे कार्यालय का घेराव
चंडीगढ़ – चंडीगढ़ के दक्षिणी क्षेत्र की सफाई का काम कर रही लायंस कंपनी के कर्मचारी अपनी मांगो को लेकर पिछले आठ दिनों से हड़ताल पर है, लेकिन आज तक उनकी किसी ने नहीं सुनी। अब इन कर्मियों ने फैसला लिया है कि आगामी सोमवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे। कर्मचारियों की यूनियन के प्रधान ऋषि ने बताया कि कंपनी के कर्मचारी पिछले आठ दिनों से सेक्टर-36 में हड़ताल पर बैठे है, लेकिन आज तक निगम की ओर से उनसे बात चीत करने कोई नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है और उन्हें हर माह वेतन समय पर देने की बजाय माह के अंतिम दिनों में दिया जा रहा है। ऋषि ने बताया कि कर्मचारियों का डेढ़ वर्ष का एरियर नहीं दिया गया है। साथ ही उन्हें डीसी रेट्स भी नहीं दिए जा रहे हैं। इतना ही नहीं उन्हें जो वर्दी दी गई है व इस भीषण गर्मी के मौसम के अनुकूल भी नहीं है। उनका कहना था कि कर्मचारियों को उनकी जायज छुट्टी नहीं दी जाती। उनकी मांग है कि कर्मियों को डीसी रेट, वर्ष में 12 छुट्टियां और कर्मियों की बदली न किए जाने और वेतन समय पर दिया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे और जब तक मांगे मानी नहीं जाती, तब तक हड़ताल जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन उन्हें नाजायज ही सता रहा है। उन्होंने कहा कि निगम को इस तरह का रवैया छोड़ की कर्मचारियों की समस्याएं हल करने की तरफ ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो यह हड़ताल उग्र रूप ले सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App