ककीरा-तुनुहट्टी राह बहाल

By: Aug 23rd, 2019 12:22 am

चुवाड़ी – लाहडू- ककीरा- तुनुहट्टी मार्ग को करीब छह दिनों के बाद वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है। गुरुवार दोपहर बाद मार्ग पर वाहनों ने सरपट दौड़ना आरंभ कर दिया है। मार्ग पर यातायात बहाल होने से बीच राह फंसे मालवाहक वाहनों के चालकों ने राहत की सांस ली है। उधर, भारी बारिश के कारण बंद सिहुंता- चुवाड़ी मार्ग पर गुरुवार को भी यातायात बहाल नहीं हो पाया है। लोक निर्माण विभाग की लेबर मशीनरी संग मार्ग पर यातायात बहाली को लेकर युद्धस्तर पर काम छेडे़ हुए हैं। इस मार्ग पर शुक्रवार को यातायात बहाल होने की उम्मीद है। जानकारी के अनुसार लाहडू- ककीरा- तुनुहट्टी मार्ग पर बारिश के कारण बरेहउ नाला में भारी तादाद में मलबा आने के बाद दलदल का रूप धारण कर लेने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई थी। जिस कारण मार्ग पर कई मालवाहक वाहन भी फंसकर रह गए थे। मार्ग के इस हिस्से पर भारी दलदल होने से यातायात बहाली में दिक्कतें पेश आ रही थी। गुरुवार को धूप खिलने के बाद दलदल के सूखते ही लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी के सहयोग से मलबे को मार्ग से हटाने को सवेरे से ही काम आरंभ कर दिया। दोपहर बाद लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को वाहनों की आवाजाही हेतु खोलने में सफलता हासिल कर ली। उधर, लोक निर्माण विभाग चुवाड़ी मंडल के सहायक अभियंता कल्याण भट्ट ने बताया कि लाहडू- ककीरा मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि सिहुंता- चुवाड़ी मार्ग पर यातायात बहाली का काम जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App