टाउन हाल में शिफ्ट होंगे मेयर-डिप्टी मेयर
प्रदेश हाई कोर्ट के आदेशों के बाद अब नवरात्र में नए ऑफिस में बैठेंगे महापौर-उपमहापौर, लौटेगी रौनक
शिमला -प्रदेश हाई कोर्ट के आदेशों के बाद अब नगर निगम महापौर और उप महापौर नवरात्र के दौरान यहां शिफ्ट होंगे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस माह के अंत में होने वाली मासिक बैठक के दौरान चर्चा के बाद ही मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यालय टाउन हाल में स्थापित होगा। टाउन हाल के जीर्णोद्धार के चार साल बाद अब यहां रौनक लौटेगी। उल्लेखनीय है कि जनवरी 2015 में टाउन हाल के जीर्णोद्धार का काम शुरू हुआ था। जीर्णोद्धार का काम पूरा होने के बाद टाउन हाल का मामला हाई कोर्ट में चला गया था, कोर्ट के आदेश के बाद राजधानी शिमला में वर्ष 1908 में स्कॉटिश वास्तुकार जेम्स रैनसोम द्वारा डिजाइन किए गए टाउन हाल में सिर्फ नगर निगम शिमला के महापौर और उपमहापौर का कार्यालय स्थापित किया जाएगा। हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को आदेश दिए कि वह टाउन हाल को जीर्णोधार के बाद नगर निगम को सौंपे। कोर्ट के आदेशों में स्पष्ट किया कि टाउन हॉल में केवल महापौर और उपमहापौर का कार्यालय स्थापित किया जाएगा और बाकी जगह को निगम राज्य सरकार की स्वीकृति से ‘हाई एंड कैफे, रीडिंग सेंटर और हैंडीक्राफ्ट बुटीक स्थापित किया जा सकता है। लंबे समय तक कानूनी लड़ाई जीर्णोद्धार के कई साल बीत जाने के बाद नगर निगम को मिले ‘टाउन हाल’ में नगर निगम आयुक्त और अन्य कर्मचारी नहीं बैठ सकते और अब इन्हें किसी दूसरी जगह तबदील कर दिया जाएगा। अदालत ने कहा कि टाउन हाल को पर्यटकों को लुभाने के नजरिए से सजाया जा सकता है और इसके लिए एंट्री फीस का प्रावधान भी रखा जा सकता है, जिससे नगर निगम की आमदन भी होगी।
मनोनीत पार्षदों की नियुक्ति भी नवरात्र में
नगर निगम शिमला में मनोनीत होने वाले पार्षदों की नियुक्ति को भी नवरात्र का इंतजार रहेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस नवरात्र में नगर निगम को छह मनोनीत पार्षद मिल सकते हैं। हालांकि प्रदेश सरकार और संगठन के बीच इन मसलों पर लॉबिंग हो चुकी है, लेकिन अंतिम मुहर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगाएंगे। ऐसे में संभावनाएं जताई जा रही हैं कि इस नवरात्र में नगर निगम को छह मनोनीत पार्षद मिल सकते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App