ठंड से फिर कांपने लगा हिमाचल

By: Jan 17th, 2020 12:03 am

शिमला – गुरुवार को सुहावने मौसम के बीच चहलकदमी करते सैलानी

बारिश-बर्फबारी से लुढ़का पारा; विभाग का पूर्वानुमान, आज भी सताएगा मौसम

शिमला – हिमाचल प्रदेश मे मौसम ने फिर से करवट ले ली है। गुरुवार को मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों मे कई स्थानों पर बारिश हुई हैं। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी रिकार्ड की गई है। बारिश-बर्फबारी होने से  प्रदेश फिर से शीतलहर की चपेट मे आ गया है। मौसम विभाग की मानें तो समूचे राज्य में 18 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। 19 जनवरी को मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 20 से 22 जनवरी के दौरान फिर से बारिश बर्फबारी होगी।  गुरुवार को शिमला, कुल्लू, मंडी, सिरमौर व डलहौजी में कई स्थानों पर बारिश हुई। मनाली, कल्पा, केलांग व गोडला में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हुई है। इससे अधिकतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। शिमला, भुंतर के अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। डलहौजी, कल्पा, नाहन व धर्मशाला के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान में बुधवार के मुकाबले कोई उल्लेखनीय परिर्वतन नहीं आया है। कल्पा, केलांग, मनाली, कुफरी का न्यूनतम तापमान अभी भी माइनस में चल रहा है। डलहौजी का पारा दो डिग्र्री से कम दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि 18 जनवरी तक मौसम खराब बना रहेगा। 19 जनवरी को मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 20 से 22 जनवरी तक प्रदेश में फिर से बारिश-बर्फबारी होगी।

गोडला में बर्फबारी

बीते 24 घटों के दौरान गोडला में ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई है। गोडला में चार सेंटीमीटर बर्फबारी हुई है। इसके अलावा शेष हिमाचल में मौसम खराब बना रहा। गुरुवार को कल्पा में एक सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। वहीं, चंबा व डलहौजी में सात सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। शिमला व जवाली में भी बारिश हुई है। राज्य में तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री कम रिकार्ड किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App