शराब के ठेके खुलेंगे

By: May 3rd, 2020 12:50 am

 ऑरेंज-ग्रीन ज़ोन के लिए अनुमति; सोशल डिस्टेंसिंग का रखना होगा पूरा ध्यान, पहले स्टॉक चैक करेंगे अधिकारी

शिमला-राज्य में अब शराब के ठेके भी खुल जाएंगे। केंद्रीय गाइडलाइन के मुताबिक ऑरेंज व ग्रीन ज़ोन में शराब ठेके खोलने की अनुमति दी गई है, जिस पर यहां सरकार ने भी निर्णय लिया है। नियमों के अनुसार यहां शराब ठेकों पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह से पालन करना होगा। बता दें कि ठेके खुलने के साथ ही आबकारी महकमे की टीमें भी फील्ड में उतर जाएंगी, क्योंकि ठेकों पर स्टॉक चैक होगा। इससे पहले विभाग लॉकडाउन में स्टॉक चैक नहीं कर पाया था, लिहाजा उसके लिए कुछ दिक्कतें तो होंगी, मगर अब शराब ठेके खुल जाएंगे।  कोरोना के कारण लॉकडाउन की मार हिमाचल पर काफी ज्यादा पड़ी है। राज्य सरकार को जिससे आमदनी होती है, वे सभी साधन बंद पड़े हैं और लॉकडाउन है कि लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अब केंद्र सरकार ने ऑरेंज व ग्रीन ज़ोन में कुछ रियायतें दे दी हैं, जिसका फायदा हिमाचल को भी मिलेगा।

सरकार को करोड़ों का नुकसान

हिमाचल को यहां शराब ठेके बंद करने से रोजाना का पांच करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। महीने का करीब 150 करोड़ रुपए का नुकसान आंका गया है। इतना ही नहीं, सरकार को पेट्रोल और डीजल पर मिलने वाले वैट से मासिक 100 करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। लॉकडाउन को काफी समय हो चुका है, जिससे तय है कि एक महीने में सरकार को 100 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। इसका आकलन आबकारी महकमे ने भी लगा दिया है। इसमें वैट का पैसा पूरी तरह से राज्य सरकार को मिलता है। इसी तरह से प्रदेश सरकार को जीएसटी में भी 150 करोड़ रुपए मासिक का नुकसान उठाना पड़ रहा है। जीएसटी के दो हिस्से होते हैं, जिसमें एक सेंट्रल जीएसटी और एक स्टेट जीएसटी। इसमें सरकार को इतना पैसा मासिक मिलता है, जो नहीं आ रहा है। टोल बैरियर से सरकार की 26 करोड़ रुपए की मासिक की आमदनी होती है। यह कमाई भी रुक गई है, क्योंकि टोल बैरियर का भी काम रुका हुआ है और यह पूरी तरह से पुलिस के ही अधीन हैं। ऐसे में हिमाचल सरकार को आर्थिक रूप से एक बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App