प्रदेश में सेब सीजन ने पकड़ी रफ्तार
शिमला-हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन ने गति पकड़ ली है। राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों से फसल फल मंडियों में पहुंचनी शुरू हो गई है। ऐसे में फल मंडियों में सेब के अराइवल में भी बढ़ोतरी आई है। फल मंडियों से अब रोजाना 60 से 70 हजार सेब बॉक्स मार्केट पहुंच रहे हैं। बागबानी विभाग से प्राप्त जानकारी के तहत अब तक राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में आठ लाख 70 हजार 310 सेब बॉक्स मार्केट में पहुंच चुके हैं, जिन्हें 1933 ट्रकों के माध्यम से देश की विभिन्न मंडियों में भेजा गया है। राज्य सरकार ने अभी तक मंडी मध्यस्थता योजना के अंतर्गत सेब के प्रापण के लिए 195 एकत्रिकरण केंद्र खोले हैं। इनमें 106 केंद्र एचपीएमसी और 89 हिमफैड द्वारा खोले गए हैं।
मंडी मध्यस्थता योजना के अंतर्गत अभी तक एचपीएमसी और हिमफैड द्वारा 130.865 मीट्रिक टन सेब का प्रापण किया गया है। राज्य में मौजूदा सेब सीजन के दौरान बागबानों को सेब के उम्दा दाम मिल रहे हैं। सेब सीजन की शुरुआत में तो बागबानों को रिकार्ड तो दाम मिले हैं। हालांकि सीजन के रफ्तार पकड़ते ही दामों में हल्की गिरावट आई थी, मगर मौजूदा समय में भी बागबानों को फसल के अच्छे दाम मिल रहे हैं। इसके चलते बागबानों के चेहरे खिले हुए है। मार्केट में रॉयल सेब 500 से 3000 रुपए तक बिक रहा है। इसके अलावा स्पर सेब 500 से 3500 रुपए प्रति बॉक्स के हिसाब से बिक रहा है। बागबानों को सेब के ऐसे में दाम पिछले कई सालों के बाद मिल रहे हैं। इसके अलावा रेड गोल्डन, गोल्डन व टाइडमैन सेब के भी बागबानों के अच्छे दाम मिल रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App