बारिश-बर्फबारी की कर लो तैयारी; प्रदेश में आज से करवट लेगा मौसम, 25 तक नहीं खिलेगी धूप

By: कार्यालय संवाददाता — शिमला Nov 22nd, 2020 12:06 am

हिमाचल प्रदेश में मौसम रविवार से करवट लेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, सिरमौर, चंबा, किन्नौर, लाहुल-स्पीति में रविवार से बारिश व बर्फबारी होगी। राज्य के इन क्षेत्रों में 25 नवंबर तक यह क्रम जारी रहेगा। राज्य के मैदानी इलाकों में भी 23 नवंबर को भी बारिश होगी। मैदानी इलाकों में 24 से 26 नवंबर तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान अगर सटीक बैठता है, तो प्रदेश में आगामी दिनों के दौरान जनता को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार को मौसम साफ बना रहा।

 दिन के समय चटक धूप खिली रही, मगर दोपहर बाद शीतलहरों के प्रवाह से तापमान में फिर गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। सोलन, बिलासपुर और हमीरपुर को छोड़कर समूचे प्रदेश के तापमान में गिरावट रिकॉर्ड की गई है। धर्मशाला व केलांग के पारे में सबसे ज्यादा दो डिग्री तक की गिरावट आई है। केलांग का पारा लुढ़ककर 3.3 डिग्री तक पहुंच गया है।

कुफरी में प्रदेश का पहला डॉप्लर राडार

शिमला। शिमला के कुफरी में डॉप्लर राडार स्थापित हो गया है। यह प्रदेश का पहला डॉप्लर राडार है। राडार स्थापित होने के बाद अब मौसम के पूर्वानुमान की सटीक जानकारी मिलेगी। इतना ही नहीं, राडार स्थापित होने के बाद अब मौसम विभाग क्षेत्रवार बारिश व ओलावृष्टि की सटीक जानकारी भी जारी कर पाएगा। शिमला के कुफरी में स्थापित राडार की टेस्टिंग शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दो सप्ताह तक राडार की टेस्टिंग चलेगी। इसके बाद राडार कार्य करना शुरू कर देगा।

बर्फ देखने पहुंचने लगे सैलानी

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी होते ही सैलानियों ने सैरगाहों का रुख करना शुरू कर दिया है। बर्फ के दीदार के लिए सैलानी शिमला, कुल्लू और मनाली पहुंचने लगे हैं। सैलानियों की आमद से होटलों की ऑक्यूपेंसी में भी इजाफा दर्ज किया गया है। वीकेंड पर काफी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। शिमला के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर दिन भर सैलानियों की चहल-पहल देखी गई। शिमला में वीकेंड पर ऑक्यूपेंसी 35 से 40 फीसदी तक रिकॉर्ड की गई है। हालांकि शिमला में बीते वीकेंड के मुकाबले कम सैलानी पहुंचे हैं। इसका कारण कुफरी व नारकंडा में ताजा बर्फबारी माना जा रहा है।

सैलानी बर्फ के दीदार के लिए ऊपरी शिमला पहुंच रहे हैं, जिसके चलते शिमला में सैलानियों की संख्या  कम आंकी गई है। ऊपरी शिमला में सैलानियों की आमद बढ़ने से ऑक्यूपेंसी में भी इजाफा आया है। ऊपरी शिमला के कुफरी व नारकंडा के होटलों में ऑक्यूपेंसी 50 फीसदी से भी अधिक रिकॉर्ड की गई है। शिमला के साथ-साथ मनाली व कुल्लू में भी काफी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की सूचना है। बर्फबारी का दौर शुरू होते ही सैलानियों ने प्रदेश का रुख करना शुरू कर दिया है। विंटर सीजन में पहली बर्फबारी ने ही पर्यटन कारोबार को पंख लगा दिए है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App