सीएम जयराम ठाकुर बोले, कांग्रेस ने कोविड को भी बनाया राजनीतिक मुद्दा

By: Mar 8th, 2021 12:08 am

कार्यालय संवाददाता — सोलन

कांग्रेस ने महामारी के इस संवेदनशील मुद्दे का भी राजनीतिकरण किया और राज्य सरकार पर देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे प्रदेश के लगभग 2.50 लाख लोगों की प्रदेश वापसी कर संक्रमण फैलाने के आरोप लगाए। यह बात सीएम जयराम ठाकुर ने सोलन शहर के ठोडो मैदान में आयोजित अभिनंदन समरोह के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य के लोगों को मास्क और सेनेटाइजर प्रदान करने के लिए खर्च की गई राशि के 13 करोड़ रुपए के बिल अपनी आलाकमान के समक्ष रखे। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि राज्य के लोगों को कांग्रेस से जब कुछ मिला ही नहीं, तो यह राशि कैसे और कहां खर्च की गई। यदि कांग्रेस पार्टी सत्ता में होती, तो चारों तरफ लूट होनी थी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने विश्व और भारत की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाला है। प्रदेश के लोगों के सक्रिय समर्थन और सहयोग से सरकार इस स्थिति से सफलतापूर्वक बाहर आई है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने न केवल जरूरतमंदों और गरीबों के लिए भोजन और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाईं, बल्कि लोगों को लगभग 53 लाख फेस मास्क भी वितरित किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस संकट से उबरने के लिए न केवल समय पर प्रभावी निर्णय लिए, बल्कि वैज्ञानिकों को इस वायरस के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित करने तथा देश के लोगों को चुनौतियों में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।

पीपीई किट के लिए एक समय चीन पर पूरी तरह निर्भर रहने वाला भारत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से ही प्रतिदिन छह लाख से अधिक पीपीई किट का उत्पादन कर कई अन्य देशों को इसका निर्यात कर रहा है। राज्य में संक्रमण के समय प्रदेश में केवल 60 वेंटिलेटर्ज थे, परंतु आज राज्य में 600 से अधिक वेंटिलेटर्ज हैं। जयराम ठाकुर ने सोलन के लोगों से नगर निगम चुनावों में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि विकास निर्बाध रूप से चलता रहे। उन्होंने कहा कि शगुन योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए 31 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। वर्ष 2021-22 के दौरान राज्य के गरीबों के लिए लगभग 12 हजार घरों का निर्माण करने की भी घोषणा की गई है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने सोलन विधानसभा क्षेत्र में लगभग 34 करोड़ रुपए की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। स्वास्थ्य मंत्री डा. राजीव सहजल ने कहा कि पिछले 20 वर्षों के दौरान क्षेत्र में सोलन शहर विकसित शहर के रूप में उभरा है। राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और विधायक डा. राजीव बिंदल ने सोलन शहर के लोगों को उनके प्यार और परोपकार के लिए आभार व्यक्त किया।

भाजपा ने बनाए नए नगर निगम

सांसद और राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि राज्य के गठन के समय केवल एक नगर निगम शिमला था और कांग्रेस सरकार ने इन 50 वर्षों के दौरान केवल एक नगर निगम धर्मशाला का गठन किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोलन, मंडी और पालमपुर में तीन नए नगर निगम गठित किए, ताकि राज्य के तेजी से विकसित हो रहे इन शहरों का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App